बेहद कम कीमत के एयर फ़िल्टर बनाने वाले दिल्ली के छात्र को मिला ‘डायना अवार्ड’

एक ऐसा फ़िल्टर जिसे बनाने में मात्र 140 रुपए का खर्च आता है लेकिन जब इसे चालू किया जाता है, तो यह एयर प्यूरीफायर करता है। इस फ़िल्टर को बनाया है दिल्ली के दो किशोरों ने।

अपने साथी छात्र समर्थ मीटल के साथ मिलकर क्रश अग्रवाल ने ‘प्रोजेक्ट वायु’ की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य महंगे कमर्शियल एयर प्यूरीफ़ायर का एक सस्ता विकल्प उपलब्ध कराना है।

सामान्य पंखे से एयर प्यूरीफायर बनाने वाली यह तकनीक प्रदूषण को कम करने का दावा करती है। इस सस्ते एयर फ़िल्ट्रेशन सिस्टम के लिए इसे बनाने वाले को प्रतिष्ठित ‘डायना अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, नई दिल्ली के संस्कृति स्कूल में पढ़ने वाले कृष अग्रवाल को उनके ‘प्रोजेक्ट वायु’ की मदद से इनडोर वायु प्रदूषण से निपटने के उनके प्रयासों के लिए ‘डायना अवार्ड’ (2026) के विजेताओं में शामिल किया गया है।

मात्र 140 रुपए की लागत वाले इस फ़िल्टर को स्कूलों में मुफ़्त बांटा जाता है। टीम हर महीने नए फ़िल्टर भी उपलब्ध कराती है। इसके फंक्शन की बात करें तो, पंखा चालू किए जाने पर यह फ़िल्टर गुब्बारे जैसी संरचना में फैल जाता है। इससे इसका फ़िल्ट्रेशन सरफेस एरिया यानी सतह का क्षेत्रफल बढ़ जाता है। ऐसे में हवा आसानी से इसके आर-पार जा सकती है। अब यह सिस्टम क्लासरूम के सामान्य पंखों को एयर प्यूरीफ़ायर में बदल देता है। इस प्रक्रिया के तहत दिल्ली के हज़ारों छात्रों को साफ़ हवा में साँस लेने में मदद मिल रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ‘डायना अवार्ड’ की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी बताती है कि इस पहल के तहत दिल्ली के कम सुविधा वाले स्कूलों में एयर फ़िल्टर बांटे गए हैं, जिससे 10 हज़ार से ज़्यादा छात्रों को फ़ायदा हुआ है।

‘प्रोजेक्ट वायु’ किस तरह फिलटर करता है
‘प्रोजेक्ट वायु’ की वेबसाइट के अनुसार, एक कम कीमत वाले फ़िल्टर को पंखों पर आसानी से लगाया जा सकता है। इसके लिए किसी अतिरिक्त उपकरण या तकनीकी विशेषज्ञता की ज़रूरत नहीं पड़ती। इस फ़िल्टर में इलेक्ट्रोस्टैटिक रूप से चार्ज किए गए रेशों का इस्तेमाल होता है, जो PM2.5 जैसे बारीक कणों को पकड़ने का सफल होते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, प्रोजेक्ट टीम का कहना है कि एक बंद कमरे में किए गए परीक्षणों के दौरान, एक घंटे में PM2.5 की मात्रा में 90 प्रतिशत से ज़्यादा की कमी देखी गई। यह 158 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से घटकर 11 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रह गई।

हज़ारों छात्र हुए लाभान्वित
अब तक इस पहल से 10 हज़ार से ज़्यादा छात्रों को फ़ायदा मिल चुका है। इस टीम की कोशिश है कि नई दिल्ली के 45 और स्कूलों तक अपने काम का विस्तार किया जा सके और इसके लिए योजना बनाई जा रही है। ‘प्रोजेक्ट वायु’ के शुरुआती चरण में दिल्ली के 295 क्लासरूम शामिल थे। इसके तहत 602 फ़िल्टर बनाए गए और लगभग 8 हज़ार छात्रों तक पहुँच बनाई गई।

क्या है डायना अवार्ड
‘डायना अवार्ड’ एक अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इसे वेल्स की राजकुमारी डायना की याद में स्थापित किया गया था। इस सम्मान को देने का उद्देश्य उन युवाओं को पहचान देना है जो अपने समुदायों और दुनिया भर में सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाते हैं।

साल 1999 में यूके के पूर्व प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन की अध्यक्षता वाले एक बोर्ड द्वारा शुरू किया गया यह पुरस्कार, ‘द डायना अवार्ड’ नामक संस्था द्वारा संचालित किया जाता है। यह एकमात्र ऐसी चैरिटी है जिसे दिवंगत राजकुमारी के नाम पर स्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *