बुकर सम्मान जीतने वाले एम जॉन हैरिसन अब तक के सबसे उम्रदराज शख्स बन गए हैं। यह सम्मान उनकी रचना ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए दिया गया है। हैरिसन स्थापित विज्ञान कथा समुदाय से बुकर पुरस्कार जीतने वाले पहले लेखक बने हैं। उनका उपन्यास तबाही के बाद के ब्रिटेन पर आधारित एक व्यंग्यात्मक रचना है।
साल 2026 का बुकर पुरस्कार ब्रिटिश लेखक एम जॉन हैरिसन को उनके उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए मिला है। उन्होंने 81 साल की उम्र में यह प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मान हासिल किया है। इस सम्मान के साथ वह इस पुरस्कार को पाने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज़ लेखक बन गए हैं।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, सोमवार को लंदन में आयोजित एक समारोह में हैरिसन को विजेता घोषित किया गया। यहाँ तक पहुँचने के लिए उन्होंने पांच लेखकों में बाज़ी मारी। इस सम्मान के साथ उन्हें पुरस्कार के रूप में 50,000 पाउंड की राशि भी दी गई बताते चलें कि भारतीय करेंसी में यह राशि लगभग 62 लाख रुपये से अधिक होती है।
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि, इतिहासकार और क्लासिसिस्ट मैरी बियर्ड की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल ने हैरिसन का चयन सर्वसम्मति से किया। लंबे समय से लेखन कर रहे हैरिसन के पास 6 दशकों का अनुभव है। बुकर पाने वाला उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ हैरिसन का 13वां उपन्यास है। यह 198 पन्नों में लिखा गया है।
‘द एंड ऑफ़ एवरीथिंग’ की कहानी
ये एक तरह का साइंस फिक्शन, डिस्टोपिया और व्यंग्य युक्त उपन्यास है। फिलिप टेनेन्ट को केंद्र में रख कर लिखी गई ‘द एंड ऑफ़ एवरीथिंग’ की कहानी, इंग्लैंड के केंट तट पर प्रलय के बाद के भविष्य की दास्तान है। फिलिप अपनी बुजुर्ग मौसी मार्नी के साथ रहता है और समुद्र किनारे चीज़ें ढूंढ़कर अपना गुज़ारा करता है। उनकी ज़िंदगी में उस समय हलचल मच जाती है, जब उसे एक रहस्यमयी वास्तु मिलती है। यह वास्तु अपना आकार बदल सकती है। फिलिप को यह ऐसे समय में मिलती है जब ‘आईघेटी’ (iGhetti) नाम के अजीबोगरीब जीव सामने आने लगते हैं। हैरिसन का यह उपन्यास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीक और राजनीतिक अनिश्चितता से जुड़ी आज के दौर की चिंताओं को दर्शाता है।
बताते चलें कि हैरिसन से पहले इस सम्मान को पाने वाले सबसे उम्रदराज विजेता 79 वर्षीय, कनाडाई लेखिका मार्गरेट एटवुड थीं। उन्हें साल 2019 में ‘द टेस्टामेंट्स’ के लिए बुकर पुरस्कार से सम्मानित सबसे उम्रदराज़ महिला होने का खिताब मिला था। पुरस्कार दिए जाने के समय उनकी उम्र 79 साल थी। एटवुड ने उस वर्ष का पुरस्कार ब्रिटिश लेखिका बर्नाडिन एवरिस्टो के साथ साझा किया था, जिन्हें ‘गर्ल, वुमन, अदर’ के लिए यह सम्मान मिला था।