सोनो सूद की एक मांग इस वक़्त खूब चर्चा में है। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी और होटलों से रिसेप्शन स्टाफ के लिए ऊंचे स्टूल उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि वे काम के बीच थोड़ा आराम कर सकें। अपनी इस अपील में उन्होंने कहा कि जो स्टाफ ग्राहकों का स्वागत करते हैं और उन्हें सेवाएं देते हैं, उन्हें काम के बीच समय मिलने पर बैठने और आराम करने की अनुमति मिलनी चाहिए।
अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से एयरपोर्ट अथॉरिटी, एयरपोर्ट लाउंज ऑपरेटरों, होटलों और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से अपील की है कि वे उन कर्मचारियों के लिए ऊंचे स्टूल या बैठने की उचित व्यवस्था करें, जिन्हें काम के दौरान 10 से 12 घंटे तक खड़े रहना पड़ता है।
अभिनेता सोनू सूद का मानना है कि आराम करना कोई ‘विशेषाधिकार’ (privilege) नहीं, बल्कि सम्मान (dignity) से जुड़ा एक बुनियादी मामला है। उनके मुताबिक़, एयरपोर्ट काउंटर, होटल रिसेप्शन, लाउंज और सर्विस डेस्क पर बैठने की व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए।
अभिनेता ने सवाल किया कि क्या एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले या होटलों में ठहरने वाले लोग कभी इस बारे में सोचते हैं कि उनकी सेवा करने वाले कर्मचारियों को कितनी शारीरिक थकान झेलनी पड़ती है?
साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि इन कार्यस्थलों पर ऊंचे स्टूल या बैठने की उचित व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए, ताकि जब भी काम से थोड़ा समय मिले, तो कर्मचारी बैठकर आराम कर सकें।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को अपने कर्मचारियों के प्रति भी वही ख्याल रखना चाहिए, जिसकी उम्मीद वे अपने कर्मचारियों से मेहमानों के मामले में करते हैं।
सूद ने कहा कि बैठने की व्यवस्था पूरी इंडस्ट्री में एक मानक (standard) बननी चाहिए। उन्होंने जोड़ा कि कार्यस्थल की नीति में एक छोटा सा बदलाव भी कर्मचारियों के जीवन में बड़ा फर्क ला सकता है।
सोनू सूद पिछले कुछ वर्षों से अपनी मानवताभरी सक्रियताओं के लेकर चर्चा में रहे हैं। कोविड के समय में उन्होंने कई ऐसे सुबूत दिए थे जिसकी बदौलत लोग उन्हें रील्स के साथ रियल हीरो कहना पसंद करते हैं।
काम की बात करें तो उनकी आने वाली फिल्म का नाम ‘नंदी’ है। इससे पहले सूद को 2025 की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘फतेह’ में देखा गया था, जिससे उन्होंने निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखा।