दयाशंकर गिरफ्तार, भेजे गये जेल, परिवार ने कहा नसीमुद्दीन भी हों गिरफ्तार

 

लखनऊ/मऊ/बक्सर। बीएसपी प्रमुख मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले दयाशंकर सिंह को यूपी एसटीएफ ने बिहार के बक्सर से गिरफ्तार कर लिया है। दयाशंकर सिंह के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में बीएसपी नेताओं ने एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद से वह फरार चल रहे थे। बिहार के बक्सर में दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार करने के बाद यूपी एसटीएफ उन्हें पहले मऊ ले गई जहां उनसे पूछताछ के बाद शुक्रवार की देर शाम सीजेएम प्रमोद कुमार सिंह के यहां पेश किया गया। जहां से दयाशंकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

daya arrest

यूपी के एडीजी एलओ दलजीत चौधरी ने बताया कि दयाशंकर की गिरफ्तारी के लिए कोशिशें जारी थी। जिसको लेकर कई सारी टीमें बनाई गई थी। उन्हें बिहार के बक्सर से गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। दलजीत सिंह चौधरी ने कहा कि दयाशंकर की गिरफ्तारी को लखनऊ पुलिस और एसटीएफ दोनों ने एक साथ मिलकर अंजाम दिया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और बाद में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी तरफ दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह की तबीयत खराब चल रही है। जिसकी वजह से वह अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में दयाशंकर सिंह के परिवार ने बीएसपी नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दयाशंकर सिंह के छोटे भाई सोनू सिंह ने बताया कि अगर यूपी सरकार नसीमुद्दीन सिद्दीकी को 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार नहीं करती है तो हम लोग एक बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे जिसकी जिम्मेदार सरकार की होगी।

गौरतलब है कि यूपी पुलिस की स्पेशल टीम ने दयाशंकर को गिरफ्तार किया है। बक्सर का इलाका यूपी के बलिया से सटा है जहां से दयाशंकर ताल्लुक रखते हैं। इससे पहले दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी पर रोक ना लगने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि वह आत्मसमर्पण कर सकते हैं। जिसके मद्देनजर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए घेराबंदी तेज कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *