तमिलनाडु पहुंची कोविशील्ड और कोवैक्सीन की खुराक

चेन्नई 12 जनवरी : तमिलनाडु में 16 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के लिए कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की 5.36 लाख खुराक और कोवैक्सीन की 20,000 खुराक पहुंचे गई है। ये खुराक पुणे से विमान के जरिये यहां पहुंची।

स्वास्थ्य सचिव जे.राधाकृष्णन ने के मुताबिक़ सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी इन टीकों को सीधे राज्य के गोदाम में भेजेंगे, जहां से इसे 10 क्षेत्रीय गोदामों में भेजा जाएगा। यहाँ से जिलों और टीकाकरण केंद्रों को वितरित किया जाएगा। हमारे पास रूट प्लान, ट्रांसपोर्ट और कोल्ड चेन है।

उन्होंने कहा कि केंद्र ने घोषणा की है कि देश में आपातकालीन उपयोग के लिए स्वीकृत इन दो वैक्सीन का उपयोग करते हुए टीकाकरण का पहला दौर 16 जनवरी से शुरू होगा। राज्य भर में टीके लगाने के लिए 40,000 से अधिक केंद्रों की पहचान की गयी है।

पहले चरण में तक़रीबन छह लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीके लगाये जाएंगे, जिनमें स्वैच्छिक आधार पर डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिक्स, अस्पतालों के सफाई कर्मचारी और अन्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाता शामिल हैं। दूसरे चरण में, पुलिस और राजस्व विभागों और स्थानीय निकायों के अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों को वैक्सीन दिया जाएगा, जबकि तीसरे चरण में, 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को वैक्सीन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की दो खुराक 28 दिनों के अंतराल पर दी जायेगी।

मानव संसाधन के बारे में पूछे जाने पर, श्री राधाकृष्णन ने कहा कि सरकार टीकाकरण के लिए मौजूदा कर्मियों को काम पर लगायेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र ने आश्वासन दिया है कि दोनों वैक्सीन प्रभावी और उपयोग करने के लिए सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *