भारत ने महिला विश्वकप 2025 में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचा दिया। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड रन से हारने के अलावा जो सबसे महत्वपूर्ण बात रही वह यह कि टीम इंडिया ने महिला विश्वकप मैच में 200 रन से अधिक का लक्ष्य हासिल किया है। महिला वनडे विश्व कप का फ़ाइनल दो नवंबर को है।

नवी मुंबई में बीते दिन भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 48.3 ओवर में पांच विकेट पर 341 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। टारगेट का पीछा करते हुए ये टीम इंडिया का एकदिवसीय मुकाबले में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। जेमिमा रॉड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिलाई। जेमिमा और हरमनप्रीत की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जेमिमा सेमीफाइनल में शतक लगाकर नाबाद लौटीं और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जेमिमा 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 127 रन बनाकर नाबाद रहीं।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत को जीत दिलाने के बाद भारतीय महिला टीम की बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्ज भावुक हो गईं और अपने आंसू नहीं रोक सकीं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 49.5 ओवर 338 रन बनाए थे। जवाब में भारत के लिए जेमिमा ने शतक लगाया और कप्तान हरमनप्रीत के साथ तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की जिससे भारत ने 48.3 ओवर में पांच विकेट पर 341 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई थी, लेकिन भारतीय टीम ने एलीस हीली की टीम का विजयी अभियान रोक दिया।
जीत के बाद भावुक जेमिमा ने कहा, मुझे लगता है कि मेरे पास कुछ बचा ही नहीं था। यह वाकई बहुत मुश्किल था लेकिन मैंने मैच खत्म होने तक शांत रहने की कोशिश की और आखिर में यह देखकर कि आखिरकार भारत ने मैच जीत लिया है, मैं खुद को रोक नहीं पाई। जेमिमा ने यह भी बताया कि पिछली बार उन्हें विश्व कप टीम से ड्रॉप कर दिया गया था।
गौरतलब है कि इस फतह के साथ भारत ने सात बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में पांच विकेट से हराकर न सिर्फ फाइनल में जगह बनाई है बल्कि कई रिकॉर्ड्स भी बना डाले हैं। जेमिमा रॉड्रिग्स ने 127 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को 339 रनों के मुश्किल लक्ष्य तक पहुंचाया। यह सिर्फ उनके करियर की नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे शानदार पारियों में से एक थी।
जेमिमा वर्ल्ड कप नॉकआउट में शतक लगाने वाली सिर्फ दूसरी बल्लेबाज बनीं। इससे पहले 2022 के फाइनल में इंग्लैंड की नैट स्किवर-ब्रंट ने नाबाद 148 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया अब तक 6 बार महिला वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में खेल चुकी है, जिनमें से दो बार (2017 और 2025) उसे सिर्फ भारत ने हराया है। भारत अब तीसरी बार महिला वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा है। पहले दो बार (2005 और 2017) टीम उपविजेता रही थी। अगर इस बार ट्रॉफी आती है तो यह ऐतिहासिक साबित होगा।
कई मंत्री, खिलाड़ी सहित सेलिब्रेटी भी इस ख़ुशी में शामिल हैं और महिला टीम को बधाई दे रहे हैं। सचिन तेंदुलकर और बीसीसीआई सचिव सहित कई लोगों ने महिला टीम को बधाई दी। पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर इरफान पठान ने कहा, इस रन चेज को देखना आनंददायक रहा। टीम की इस उपलब्धि पर मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी भारतीय महिला टीम की जीत पर बधाई दी और लिखा ‘आज वह दिन है जब भारत में महिला क्रिकेट ने ध्यान आकर्षित करना छोड़ दिया और उस पर कब्जा करना शुरू कर दिया।’













