चीन में एक रोबोट ने 66 मील चलकर गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। चीनी टेक्नोलॉजी कंपनी एगिबॉट ने यह ख़िताब तब हासिल किया जब उसके ह्यूमनॉइड रोबोट A2 ने चीन के जियांग्सू प्रांत से शंघाई तक 66 मील यानी तकरीबन 100 किलोमीटर से ज़्यादा पैदल चलकर यह रिकॉर्ड बनाया।

A2 रोबोट ने लेक जिंजी से अपनी यात्रा शुरू की और बिना रुके शंघाई पहुँच गया। यह सब एक ऐसे सिस्टम की वजह से मुमकिन हुआ जो बैटरी बदलते समय भी अपने चलने की प्रक्रिया बनाए रखता है। यह अब तक किसी ह्यूमनॉइड मशीन द्वारा की गई सबसे लंबी पैदल यात्रा है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, Agibot A2 नाम का यह रोबोट 10 से 13 नवंबर के बीच शंघाई में कुल 106.286 किमी चला। कंपनी का कहना है कि रोबोट को गिरने से बचाने और लगातार काम करने के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है।
इस यात्रा में तीन दिनों का समय लगा और इस लंबी ट्रैक वॉक के साथ, एगिबॉट ने ह्यूमनॉइड रोबोट द्वारा सबसे लंबी वॉक का गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यह रोबोट तीन दिनों तक बिना रुके चला और न सिर्फ लंबी दूरी तय की, बल्कि मजाकिया अंदाज में अपना अनुभव भी साझा किया। चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोबोट ने अपनी वॉक के आखिर में रिपोर्टर्स से कहा कि उसे शायद एक जोड़ी नए जूते की ज़रूरत होगी।
इस संबंध में एजी बॉट का कहना है कि A2 रोबोट ने अपनी लंबी यात्रा के दौरान सभी ट्रैफ़िक नियमों का पालन किया और डामर, टाइल वाले फ़र्श और पुलों सहित कई तरह की सतहों पर इस सफर को जारी रखा।
