विश्व आबादी को साल 2021 में 7.9 अरब आंका गया था। इसके 2030 में बढ़कर 8.5 अरब पहुँच जाने की सम्भावना है। इसमें इतिहास में अब तक युवाओं की मौजूदा पीढ़ी का आकार सबसे अधिक है।

यह जानकारी यूएन के शीर्षतम अधिकारी ने शुक्रवार, 11 जुलाई को ‘विश्व जनसंख्या दिवस’ के अवसर पर साझा की। इस अवसर पर दिए अपने सन्देश में उन्होंने युवजन के साथ एकजुटता दर्शाने और अवसर सुनिश्चित किए जाने का आग्रह किया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है कि विश्व भर में युवा आबादी अपने लिए एक न्यायसंगत, समावेशी व टिकाऊ जगत की मांग कर रही है और इसे आकार देने में उन्हें समर्थन प्रदान किया जाना होगा।
साथ ही इस वर्ष अन्तरराष्ट्रीय दिवस पर युवा पीढ़ी के सशक्तिकरण पर ध्यान केन्द्रित करते हुए उनके लिए अधिकारों व अवसरों की पुकार लगाई गई है ताकि वे अपना भविष्य, अपनी आशाओं के अनुरूप गढ़ सकें।
हालांकि वैश्विक परिस्थितियां इसके विपरीत हैं। वर्तमान में बहुत बड़ी संख्या में युवा आर्थिक अनिश्चितता, लैंगिक असमानता, स्वास्थ्य चुनौतियों, जलवायु संकट और बढ़ते हिंसक टकरावों से जूझ रहे हैं। इस संबंध में 14 देशों में कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य चुनौतियों की वजह से मौजूदा पीढ़ी बच्चे पैदा करने में हिचक रही है।
यूएन प्रमुख ने कहा कि एक न्यायोचित व आशा से परिपूर्ण विश्व में युवाओं को सशक्त बनाना, संयुक्त राष्ट्र के उस वादे को ही मज़बूती देता है, जिसके अनुसार, हर एक व्यक्ति के पास अपने जीवन व भविष्य से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार है।
महासचिव ने कहा कि इसके बावजूद, वे साहस, चेतना व स्पष्टता के साथ आगे बढ़ रहे हैं और ऐसी व्यवस्थाओं की मांग कर रहे हैं, जिनमें उनके अधिकारों की रक्षा हो और चयन को समर्थन मिले।
इस अवसर पर यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के लिए यूएन एजेंसी (UNFPA) की प्रमुख नतालिया कानेम ने अपने सन्देश में सचेत किया कि अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने में युवाओं को समर्थन देना होगा और उम्मीद भरे भविष्य के लिए उनकी इच्छाओं को भी समझना होगा।
इसके मद्देनज़र, यूएन महासचिव ने देशों से ऐसी नीतियों में निवेश करने का आग्रह किया है, जिससे युवाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, और प्रजनन अधिकारों को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने ऐसे युवाओं के साथ खड़े होने व एकजुटता व्यक्त करने की अपील की है, ताकि हर व्यक्ति एक न्यायसंगत, शान्तिपूर्ण विश्व में अपने भाग्य को निर्धारित कर सके।














