ग्रेटर नोएडा: शाहबेरी से एक और शव बरामद, मरने वालों की संख्या हुई नौ

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी गांव में दो इमारतों के ढहने की घटना में गुरुवार को मलबे से एक और शव बरामद हुआ है. इसके साथ अब इस घटना में मृतकों की संख्या 9 हो गई है. पुलिस ने इस सिलसिले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 24 अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

हादसे की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया गया है. एनडीआरएफ की टीम अब भी घटनास्थल पर मौजूद है जो मलबे को हटा रहे हैं. अभी भी इमारत के मलबे में दर्जनभर लोगों के दबे होने की आशंका है.

मुख्यमंत्री ने घटना को गंभीरता से लेते हुए निर्माणाधीन भवन के निर्माण के दौरान लापरवाही बरतने के कारण ग्रेटर नोएडा के सहायक प्रबंधक परियोजना अख्तर अब्बास जैदी और प्रबंध परियोजना वीपी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए है.
योगी ने इस मामले की जांच मंडलायुक्त मेरठ द्वारा किए जाने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा अवैध निर्माण करवाने वालो के खिलाफ एफआईआर कराकर दोषी लोगों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए है.

मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों इमारतों में दर्जनभर लोगों की फंसे होने की आशंका है. उन्होंने बताया कि रात से ही चल रहे बचाव और राहत कार्य में देर रात को दो लोगों के शवों को बाहर निकाला गया था, जबकि आज सुबह एक व्यक्ति के शव को बाहर निकाला गया है. उन्होंने बताया कि आज शाम छह बजे के करीब एक पुरुष और एक महिला के शव को बाहर निकाला गया.
इससे पूर्व मिली खबरों के अनुसार,दमकल अधिकारी ने बताया कि पांच शवों में से तीन की शिनाख्त हो पाई है. महिला का नाम प्रियंका है जबकि देर रात मिले दो शवों की पहचान रंजीत तथा शमशाद के रूप में हुई है.उन्होंने बताया कि प्रियंका के परिवार के तीन लोग अभी मलबे में फंसे हैं, जिसकी पुष्टि उनके परिजनों ने की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *