लखनऊ मेट्रो प्रशासन सोमवार से यात्रियों की सुविधा के क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग प्रणाली की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस सुविधा के तहत अब मेट्रो यात्री घर बैठे क्यूआर टिकट बुक कर मेट्रो यात्रा कर सकेंगे। इसे एक ओर डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही मेट्रो की यह शुरुआत बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत देगी।

मेट्रो के सफर के लिए अब यात्री लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल एप, टिकट वेंडिंग मशीन, टिकट काउंटर से क्यूआर कोड के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।आज यानी सोमवार को हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर इस सुविधा का शुभारंभ एमडी सुशील कुमार एक आयोजित कार्यक्रम में करेंगे।
गौरतलब है कि मेट्रो स्टेशनों पर क्यूआर सपोर्ट करने वाली नई टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई जा रही हैं। हर स्टेशन पर न्यूनतम एक क्यूआर आधारित टिकट वेंडिंग मशीन एवं एक क्यूआर समर्थित काउंटर होगा। बताते चलें कि इस सुविधा का प्रयोग करने वाले यात्री मेट्रो स्टेशन में प्रवेश एवं निकास के समय पीली पट्टी से चिह्नित ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट पर क्यूआर टिकट स्कैन कर आ-जा सकेंगे।
इस पहल को मेट्रो अधिकारियों ने यात्रियों के लिए स्मार्ट और सुगम परिवहन सुविधा बताया है। उनके अनुसार इस सुविधा से क्यूआर टिकटिंग से नकद लेनदेन की जरूरत घटेगी और साथ ही पूरी प्रक्रिया और भी ज्यादा सुरक्षित होगी।














