राजस्थान में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे भजन लाल शर्मा

राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले भजन लाल शर्मा अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही भाजपा ने दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को यहाँ का डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान किया है।

राजस्थान में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे भजन लाल शर्मा

भाजपा के गढ़ सांगानेर सीट से पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा लंबे समय तक एबीवीपी, आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी रहे हैं। उन्होंने विभिन्न राज्य अध्यक्षों के तहत चार बार राजस्थान में महासचिव के रूप में कार्य किया है।

संघ और भाजपा दोनों के करीबी भजन लाल शर्मा ने इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48081 वोटों से हराया है।

भाजपा के वर्तमान विधायक अशोक लाहोटी की जगह इन्हे पहली बार सांगानेर जैसी सुरक्षित सीट से चुनाव लड़वाया गया था। सांगानेर सीट भाजपा का मज़बूत गढ़ है। इसी वजह से भजन लाल शर्मा को यहाँ आसान जीत मिली। संगठन में उनके लंबे कार्यकाल के कारण उन्हें शीर्ष पद दिया गया है।

इससे पहले मंगलवार को विधायक दल की बैठक के बाद दिल्ली से आए पर्यवेक्षकों ने भजन लाल शर्मा पर फैसला लिया। बीजेपी आलाकमान ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडे को राजस्थान में पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। तीनों नेता मंगलवार दोपहर जयपुर पहुंचे और विधायकों के साथ बैठक की।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने वसुंधरा राजे सिंधिया से अकेले में मुलाकात की और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से फोन पर बात की। इससे पहले कि पार्टी भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद के लिए चुनती, कई नाम चर्चा में थे और वसुंधरा राजे इस शीर्ष पद के लिए सबसे आगे थीं। लेकिन अंततः उन्हें आलाकमान के आगे झुकना पड़ा और भजनलाल को आशीर्वाद देना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *