गर्मी के तेवर ने अप्रैल में ही मई-जून का एहसास करा दिया

उत्तर प्रदेश में इस साल अप्रैल का महीना मई-जून जैसा गर्म हो रहा है। तेज धूप के साथ पछुआ हवा ने भीषण गर्मी का एहसास करा दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है.साथ ही अगले कुछ दिनों तक राहत मौसम से राहत के कोई संकेत नहीं हैं।

बढ़ती गर्मी से वातावरण में नमी की कमी के चलते अब दिन के साथ रातें भी गर्म कर दी हैं। इस बीच राजधानी लखनऊ में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। रविवार को शहर का तापमान बढ़कर 41.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस भीषण गर्मी के पीछे मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय न होना और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म पछुआ हवाएं हैं। इसके अलावा, महाराष्ट्र के ऊपर बने एक मजबूत प्रतिचक्रवात ने गर्म हवाओं को उत्तर प्रदेश की ओर धकेल दिया है। ऐसे में वातावरण में नमी पूरी तरह खत्म होने के साथ तापमान लगातार बढ़ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने मौसम के तेवर देखते हुए संबंधित तैयारी शुरू कर दी है। कई जिलों के अस्पतालों में हीटवेव वार्ड बनाए गए हैं, जहां मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए बर्फ के पैकेट और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

प्रदेश में सबसे गर्म प्रयागराज और बुंदेलखंड के जिलों रहे। बांदा में 44.6 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग कि 20 से 26 अप्रैल तक पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 21-22 अप्रैल को तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि 23-24 अप्रैल तक यह बढ़कर 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीँ कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीँ पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया और गोरखपुर में 20 अप्रैल को लू चलने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। यहाँ का न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *