कैंसर पर आधारित फिल्म बनाना चाहते हैं अनुराग बासु

मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने फिल्मकार अनुराग बासु कैंसर पर आधारित फिल्म बनाना चाहते हैं। अनुराग बासु वर्ष 2004 में ब्लड कैंसर के एक प्रकार प्रोमाइलोसाइटिक ल्यूकेमिया से जूझ रहे थे और डॉक्टर ने उनकी जिंदगी केवल दो माह बताई थी लेकिन वह अपनी फिल्मों की तरह कैंसर से भी लड़े और विजयी हुए। मौत को इतने करीब से देखने के बाद उनकी प्राथमिकता पूरी तरह बदल गयी।

मर्डर, गैंगस्टर, लाइफ इन ए मेट्रो, काइट्स, बर्फी एवं जग्गा जासूस जैसी फिल्मों के निर्देशक अनुराग बासु ने कहा, मेरी थोड़ी बहुत प्राथमिकता बदल गयी और इसका असर मेरी फिल्मों और कहानियों पर भी पड़ा। कैंसर से अपनी लड़ाई के बाद अब मैं ज्यादा जिम्मेदार पुत्र, पति और पिता बन गया हूं। एक फिल्म निर्माता के तौर पर फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर जागरूकता फैलाने के लिए कुछ मुद्दों को लाना होता है।

 

अनुराग बासु ने कहा कि वह अपने दुख को दिखाना नहीं चाहते थे, यही कारण है कि वह कैंसर पर फिल्म निर्माण से दूर रहे। वह अब ऐसी स्क्रिप्ट के साथ तैयार हैं, जो किताब या फिल्म के जरिए रिलीज हो सकती है। बासु ने कहा, पहले मैं हमेशा कैंसर पर फिल्म बनाने से बचता था।

 

इसका पहला कारण यह था कि मुझे अपना अनुभव बयां करना होता और दूसरा कारण, मैं हमेशा दुखद आपबीती को कमर्शियल फिल्मों में दिखाने में झिझक महसूस करता था। यह विषय मेरे काफी करीब है और सभी फिल्मों के बाद मैं इसके बारे में सोचता हूं। एक स्क्रिप्ट है, जिसे मैंने अपने कैंसर और उस दौरान अस्पताल में रहने पर लिखा है और एक दिन शायद ऐसा आएगा, जब मेरी यह स्क्रिप्ट या तो किताब या फिल्म का रूप ले लेगी।-एजेंसी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *