कनाडा की विदेश मंत्री बनीं भारतीय मूल की अनीता आनंद

भारतीय मूल की अनीता आनंद कनाडा की नई सरकार में विदेश मंत्री नियुक्त हुई हैं। मार्क कार्नी की कैबिनेट में अनीता आनंद को विदेश मंत्री का पद दिया गया है। लिबरल पार्टी की अनीता पहले भी रक्षा मंत्री की अहम जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

कनाडा का विदेश मंत्री बनीं भारतीय मूल की अनीता आनंद

कनाडा के आम चुनाव में लिबरल पार्टी की जीत के बाद 58 वर्षीय अनीता आनंद को प्रधानमंत्री द्वारा नई कैबिनेट की घोषणा के बाद यह ज़िम्मेदारी मिली है।

अनीता आनंद ने विदेश मंत्री चुने जाने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- “मुझे कनाडा के विदेश मंत्री के रूप में नियुक्त किया जाना सम्मान की बात है। मैं कनाडा के लोगों के लिए एक सुरक्षित, निष्पक्ष संसार बनाने और उन्हें बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और हमारी टीम के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।”

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी एक्स पर अनीता आनंद को कनाडा का विदेश मंत्री बनाए जाने पर बधाई दी है।

इससे पहले प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में मेलानी जोली विदेश मंत्री थीं मगर अब अनीता उनकी जगह लेंगी। अनीता आनंद ने हिंदू धर्मग्रंथ भगवद गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली। इससे पहले भी जब अनीता आनंद कनाडा सरकार का हिस्सा बनीं थी, तब भी अनीता ने भगवद गीता पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता का शपथ ली थी। अनीता आनंद इससे पहले रक्षा मंत्री समेत कई ज़िम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।

अनीता आनंद का जन्म 20 मई 1967 में कनाडा के नोवा स्कोटिया के कैंटविले में हुआ था। भारतीय मूल की अनीता के माता-पिता सरोज डी राम और एसवी आनंद 1960 के दशक में भारत से कनाडा आ गए थे। अनीता की मां पंजाब से जबकि पिता तमिलनाडु से हैं। दोनों ही पेशे से डॉक्टर थे। अनीता की दो बहनें गीता और सोनिया भी हैं।

अनीता आनंद 1985 में ओंटारियो आईं और यहाँ से उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद डलहौजी यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो से उन्होंने मास्टर की डिग्री प्राप्त की। 1995 में जॉन नोल्टन से शादी करने वाली अनीता आनंद ने कानून के अलावा शिक्षा और जनसेवा के लिए काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *