बिहार विधानसभा चुनाव में दो चरण की गणना के साथ जो रुझान मिले हैं उसके मुताबिक़ एनडीए सरकार की दमदार वापसी तय हो गई है। नीतीश के नेतृत्व में एनडीए की बढ़त 200 पार हो गई है। वहीं, तेजस्वी यादव वाला गठबंधन 35 पर सिमटता दिख रहा है।

बिहार चुनाव परिणामों को देखते हुए सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘बिहार में जो खेल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) ने किया है वो पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, यूपी और बाक़ी जगह पर अब नहीं हो पायेगा क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भंडाफोड़ हो चुका है।’
इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में आधार की मान्यता के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। बिहार के चुनाव परिणामों के रुझानों के सामने के सामने आने के बाद उत्र प्रदेश में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एसआईआर को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। इन नतीजों से एक बार फिर विपक्षी दल कांग्रेस दिल्ली कार्यालय के बाहर वोट चोरी के पोस्टरों के साथ प्रदर्शन कर रही है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, ‘अब आगे हम ये खेल, इनको नहीं खेलने देंगे। सीसीटीवी की तरह हमारा ‘पीपीटीवी’ मतलब ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं छल है।’
याद दिला दें कि पहले भी अखिलेश यादव विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ बयान देते रहे हैं। अखिलेश यादव हाल में कह चुके हैं कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में आधार की मान्यता के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची स्पष्ट नहीं है। हम पीडीए का वोट नहीं कटने देंगे।








