भारत की घरेलू क्रिकेट में एक अद्भुत कारनामा देखने को मिला है। तूफानी बल्लेबाजी करते हुए यहाँ एक बल्लेबाज ने मात्र 11 बॉल में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसने देखने वालों को दांतों तले ऊँगली दबाने पर मजबूर कर दिया है।

आकाश चौधरी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आकाश की उम्र 25 वर्ष है और उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक बनाकर खेलप्रेमियों को हैरान कर दिया है।
भारत के घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के ग्रुप मैच में मेघालय के बल्लेबाज ने अपने बल्ले से कामयाबी की ज़बरदस्त तहरीर रच दी। यह अद्भुत कारनामा किया है आकाश कुमार चौधरी ने। आकाश ने यह उपलब्धि सूरत में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ हासिल की है।
बल्लेबाज़ी करते हुए आकाश ने वेन व्हाइट के उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया जिसमे उसने 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। याद दिला दें कि साल 2012 में लीसेस्टरशायर के खिलाड़ी वेन व्हाइट ने एसेक्स के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। आकाश ने इस रिकॉर्ड को तोड़ कर अपने नाम एक नया कीर्तिमान पा लिया है।
14 गेंदों में 50 रन बनाकर आकाश इस मैच में नाबाद रहे। उन्होंने एक ही ओवर में छह छक्के जलगाए और यह सिलसिला रुका नहीं जब तक उन्होंने लगातार 8 छक्के नहीं लगा लिए। आकाश प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लगातार आठ छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह न केवल रणजी ट्रॉफी का रिकॉर्ड है, बल्कि प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक भी है।
आकाश की इस धुआंधार बल्लेबाज़ी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर एक दशक पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। भारतीयों में पिछला रिकॉर्ड जम्मू-कश्मीर के बनदेव सिंह के नाम था, जिन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक बनाया था, इसे भी आकाश ने तोड़ दिया है।
28 नवंबर 1999 को मेघालय में जन्मे आकाश कुमार चौधरी के जीवन पर एक नज़र डालें तो पता चलता है कि उन्होंने अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू नागालैंड के खिलाफ 2019 में किया था। आकाश एक तेज गेंदबाज के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। मगर इस बार इस दाएं हाथ के खिलाड़ी ने बल्लेबाजी के जौहर दिखते हुए बता दिया कि वह असली ऑलराउंडर हैं।
आकाश के खेल का जायज़ा ले तो उन्होंने 30 फर्स्ट क्लास, 28 लिस्ट ए और 30 टी20 मैच अब तक खेले हैं। इस दौरान उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 87, लिस्ट ए में 37 और टी20 में 28 विकेट अपने नाम किए हैं। उनके नाम 2 अर्धशतकों की सहायता से 503 रन फर्स्ट क्लास में दर्ज हैं। उन्होंने लिस्ट ए में 203 रन भी बनाए हैं। उन्होंने 3 बार फाइव विकेट हॉल भी हासिल किया है।
एक नज़र डालें प्रथम श्रेणी मैचों में सबसे तेज अर्धशतक की तो यह इस प्रकार है-
11 गेंद – आकाश कुमार चौधरी बनाम मेघालय (बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2025)
12 गेंद – वेन व्हाइट, लीसेस्टरशायर (बनाम एसेक्स, 2012)
13 गेंद – माइकल वैन वुरेन, ईस्टर्न प्रोविंस (बनाम ग्रिक्वालैंड वेस्ट, 1984/85)
14 गेंद – नेड एकर्सली, लीसेस्टरशायर (बनाम एसेक्स, 2012)
15 गेंद – खालिद महमूद, गुजरांवाला (बनाम सरगोधा, 2000/01)
15 गेंद – बंदीप सिंह, जम्मू और कश्मीर (बनाम त्रिपुरा, 2015/16)











