पद्म पुरस्कार-2027 के लिए 31 जुलाई तक नामांकन किए जा सकते हैं

गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए बताया है कि अगले गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषणा किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन/अनुशंसाएं 15 मार्च, 2026 से प्रारंभ हो गई हैं। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।

पद्म पुरस्कार-2027 के लिए 31 जुलाई तक नामांकन किए जा सकते हैं

रविवार को जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/अनुशंसाएं केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी बयान में सरकार ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे स्वयं के नामांकन सहित नामांकन/अनुशंसाएं भेजें। जारी बयान में कहा गया कि ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए मिलकर प्रयास किए जाने चाहिए, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में पहचान की हकदार हैं। ये व्यक्ति महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों, दिव्यांग व्यक्तियों में से हो सकते हैं जो समाज की नि:स्वार्थ सेवा कर रहे हों।

नामांकन/अनुशंसाओं में पोर्टल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर उपलब्ध प्रारूप में दी गई सभी उपयुक्‍त जानकारी होनी चाहिए, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की अपने संबंधित क्षेत्र/विषय में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवाओं को स्पष्ट रूप से उल्‍लेख किया गया हो। इन पुरस्कारों से संबंधित नियम और कानून वेबसाइट पर इस लिंक https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.aspx पर उपलब्ध हैं।

गौरतलब है कि ये पुरस्कार ‘विशिष्ट कार्य’ के लिए दिए जाते हैं। 1954 से शुरू होने वाले इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। पद्म पुरस्कार जिसमे पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। ये पुरस्‍कार कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए दिए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *