अब हर बार उड़ान की घोषणा के बाद पायलट बोलेंगे- जय हिंद

अब एयर इंडिया के पायलट हर उड़ान की घोषणा के बाद जय हिंद बोलेंगे. एयर इंडिया के चालक दल के सदस्यों को हर उड़ान की घोषणा के बाद भरपूर जोश के साथ ‘जय हिंद’ बोलने का आदेश दिया गया है. सोमवार को एयर इंडिया के ऑपरेशंस निदेशक अमिताभ सिंह ने कहा कि विमान के चालक दल के सभी सदस्यों को हर उड़ान की घोषणा के अंत में थोड़े से अंतराल के बाद और जोश के साथ जय हिंद बोलना होगा.

एयर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान मई 2016 में भी पायलटों को ऐसे ही निर्देश दिए थे. इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा फरमान देश के रुख के साथ कर्मचारियों के लिए ‘रिमाइंडर’ है. अश्वनी लोहानी ने मई 2016 में अपने कर्मचारियों से कहा था कि विमान के कैप्टन को अक्सर यात्रा के दौरान अपने यात्रियों से जुड़ा होना चाहिए और जय हिंद के इस्तेमाल का जबरदस्त असर पड़ेगा.

इसके अलावा लोहानी ने यह भी कहा था कि कर्मचारियों को यात्रियों के साथ विनम्र होना चाहिए. साथ ही हमेशा चेहरे पर मुस्कान रखना अच्छी बात होगी. लोहानी ने कहा था कि केबिन क्रू को यात्रियों के विमान पर चढ़ने और उतरने के समय परंपरा के तौर पर उन्हें नमस्कार कहना चाहिए. केबिन क्रू के चेहरे पर गुस्सा या नाराजगी का भाव रत्तीभर भी नहीं होना चाहिए. चेहरे पर मुस्कान और विनम्रता से बात करना अच्छा होगा.

भारत और पाकिस्तान के बीच गहराए तनाव के बीच एयर इंडिया ने अपने पायलटों को जय हिंद बोलने का यह आदेश दिया है. आपको बता दें कि 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी ने आत्मघाती हमला कर दिया था. इसमें सीआरपीएफ के कम से कम 40 जवान शहीद हो गए थे. इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की थी और पाकिस्तान में घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंपों को तबाह किया था.

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *