इंडिगो एयरलाइंस संकट के बाद अब तीन एयरलाइंस को आगे आने की बात कही गई है। इस संकट के चलते केंद्र सरकार को काफ़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। अब ‘शंख एयर’, ‘अल हिंद’ और ‘फ्लाईएक्सप्रेस’ भारत में एयरलाइंस ऑपरेशंस शुरू करेंगी।

सरकार ने इंडिगो संकट के करीब तीन सप्ताह बीतने के बाद तीन नई एयरलाइंस को मंजूरी दी है कि वे अपने ऑपरेशंस शुरू करने की तैयारी कर सकती हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पोस्ट कर जानकारी दी है- उन्होंने लिखा, ”पिछले एक सप्ताह में भारत के आसमान में उड़ान भरने की तैयारी कर रही नई एयरलाइनों- शंख एयर, अल हिंद एयर और फ्लाईएक्सप्रेस की टीमों से मुलाकात कर खुशी हुई. शंख एयर को पहले ही मंत्रालय से एनओसी मिल चुकी है, जबकि ‘अल हिंद’ एयर और फ्लाईएक्सप्रेस को इस सप्ताह उनकी एनओसी मिली है।”
याद दिला दें कि दिसंबर महीने इ प्रारम्भ में भारत में सबसे व्यापक और बड़ी एयरलाइंस इंडिगो भारी शेड्यूलिंग संकट में फंस गई। इस समस्या के बीच एयरलाइन को हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी। जिसके नतीजे में बड़ी संख्या में यात्री जहां के तहां फंस गए थे।
दरअसल घरेलू बाज़ार में इंडिगो की हिस्सेदारी करीब 60 फ़ीसदी से अधिक है, ऐसे में हवाई यात्राओं पर बहुत ज़्यादा असर दिखा। इस संकट से देश के प्रमुख हवाईअड्डों पर भारी अफ़रातफ़री का माहौल बन गया।
इंडिगो संकट के चलते सरकार की उड़ान नीति सवालों के घेरे में आ गई थी। आलोचकों के अनुसार, इंडिगो की घरेलू उड़ान की बाज़ार में मोनोपोली के कारण ये संकट पैदा हुआ। यहाँ सरकार की ओर से और भी कंपनियों को मौका दिए जाने की बात पर ज़ोर दिया गया।
जानकारों का मानना है कि इन तीन नई एयलाइंस के आने से यात्रियों को ज़्यादा विकल्प मिलेंगे और एविएशन सेक्टर के 90 फ़ीसदी हिस्से पर काबिज़ इंडिगो एयरलाइंस, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को चुनौती मिलेगी।














