भारतीय महिला भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी ने पोलैंड में आयोजित 8वें इंटरनेशनल वीस्लाव मानियाक मेमोरियल मीट में स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है।उन्होंने यह मैडल सीजन का सर्वश्रेष्ठ दूरी का भाला फेंककर जीता। प्रतियोगिता में दूसरे स्थान तुर्की और तीसरे पर आस्ट्रेलिया की खिलाड़ी रहीं।

यह टूर्नमेंट वर्ल्ड एथलेटिक्स कांटिनेंटल टूर ब्रांज लेवल मीट का हिस्सा था। अन्नू रानी के इस बेहतरीन प्रदर्शन से विश्व रैंकिंग के जरिए विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब वह 10 अगस्त को होने वाली विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर कांस्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए भुवनेश्वर रवाना होंगी।
अन्नू ने बुधवार 6 अगस्त को 60.95 मीटर की शुरुआत की और फिर अपने दूसरे प्रयास में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 62.59 मीटर हासिल किया। उन्होंने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 60 मीटर से अधिक की दूरी 60.07 मीटर भी तय की।
अन्नू ने इस वर्ष ताइवान एथलेटिक्स ओपन चैंपियनशिप में भी 56.82 मीटर दूरी तय कर स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2025 में ही इंडियन ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप पंजाब में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। जबकि इसी साल साउथ कोरिया में हुई एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अन्नू पदक से चूक गईं थीं।
मेरठ की रहने वाली अन्नू रानी इस 29 अगस्त को 33 वर्ष की हो जाएंगी। अन्नू ने एक साल से अधिक समय बाद पहली बार 60 मीटर से लंबी थ्रो फेंका है। उनका इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मार्च में मुंबई में 58.82 मीटर था।
अन्नू रानी ने इससे पहले मई 2024 में 60 मीटर का आंकड़ा छुआ था। उस समय उन्होंने जर्मनी के ऑफेनबर्ग में 60.68 मीटर के थ्रो के साथ छठा स्थान हासिल किया था। अन्नू तभी से 59 मीटर तक पहुंच बनाने के लिए भी संघर्ष कर रही थीं।
2024 पेरिस ओलंपिक के फाइनल के लिए अन्नू क्वालीफाई करने में असफल रही हैं। वहीँ क्वालीफिकेशन राउंड में 55.81 मीटर के प्रयास के साथ अन्नू रानी ने अभी तक टोक्यो विश्व चैंपियनशिप के लिए 64 मीटर के सीधे क्वालीफाइंग मानक को पार नहीं किया है। यह सितंबर में खेला जाएगा। जबकि अन्नू की बुधवार की जीत की बदौलत उन्हें विश्व रैंकिंग कोटा के जरिए इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जगह मिल सकती है।
अन्नू की अभी तक की उपलब्धियां देखें तो-
2023- एशियन गेम्स में 62.92 मीटर दूरी तय कर स्वर्ण पदक जीता
2021 – टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग।
2024 ओलंपिक खेलों में प्रतिभाग
2022- बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक
2019 – वर्ल्ड चैंपियनशिप में फाइनल में जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला का रिकॉर्ड।
2019 – एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक।
2017 – एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
2016 – साउथ एशियन गेम्स में रजत पदक।
2014 – एशियन गेम्स में कांस्य पदक।
2025- ताइवान एथलेटिक्स ओपन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
2025 इंडियन ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक
















