कैंसर से पीड़ित राजकुमारी केट मिडलटन ने बीमारी को हराने की ठान ली है

वेल्स की राजकुमारी और ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय की सबसे बड़ी बहू केट मिडलटन ने खुलासा किया है कि उन्हें कैंसर हो गया है और वह फिलहाल इस घातक बीमारी से जूझ रही हैं।

कैंसर से पीड़ित राजकुमारी केट मिडलटन ने बीमारी को हराने की ठान ली है

प्रिंस विलियम की 42 वर्षीय पत्नी ने कहा कि वह इस बीमारी से बचाव के लिए फिलहाल कीमोथेरेपी ले रही हैं।

बेहद भावुक वीडियो संदेश में उन्होंने ब्रिटिश राष्ट्र को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी। यह वीडियो रिकॉर्डिंग दो दिन पहले विंडसर कैसल में की गई थी।

केट मिडलटन ने कहा कि यह खबर एक “बहुत बड़ा झटका” थी। वह और उनके पति प्रिंस विलियम बीमारी से निपटने और अपने परिवार की बेहतरी के लिए निजी तौर पर हर मुमकिन कोशिश कर रहे थे।

बताते चलें कि यह खबर तब आई है जब कुछ दिन पहले उन्हें और उनके पति प्रिंस विलियम को महल के पास अपनी पसंदीदा फार्म की दुकान से मुस्कुराते हुए निकलते हुए देखा गया था।

शाही महल के अनुसार राजकुमारी के कैंसर की जानकारी जनवरी में उनके पेट की सर्जरी के बाद सामने आयी है। महल के मुताबिक़, उन्हें किस क़िस्म और स्टेज का कैंसर है, लोग इसके बारे में अटकलें लगाने का प्रयास न करें।

गौरतलब है कि किंग चार्ल्स III का भी इस समय कैंसर का इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक़, किंग चार्ल्स और रानी को राजकुमारी की स्थिति के बारे में सूचित कर दिया गया है।

खबर सामने आने पर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अपने बयान में कहा है कि पूरे देश के लोगों की सहानुभूति और स्नेह राजकुमारी केट मिडलटन के साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *