संसद का मॉनसून सत्र इस महीने की 20 तारीख़ से शुरू होगा

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। सीसीपीए यानी संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति ने सत्र की तारीखों पर मुहर लगा दी है। खबर है कि मॉनसून सत्र में सत्ता दल समान नागरिक संहिता बिल पेश कर सकती है।

संसद का मॉनसून सत्र इस महीने की 20 तारीख़ से शुरू होगा

सीसीपीए की बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी ने ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी है कि संसद का मॉनसून सत्र 2023 आगामी 20 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। 23 दिन तक चलने वाले इस सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। उनके ट्वीट में सभी पार्टियों से सत्र के दौरान संसद के विधायी और अन्य काम-काज में रचनात्मक योगदान देने की अपील भी की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ मॉनसून सत्र में मोदी सरकार समान नागरिक संहिता का बिल प्रस्तुत कर सकती है। प्रधानमंत्री मोदी ने 27 जून को भोपाल में कहा था कि जब घर में दो कानून होने से घर नहीं चल सकता, तो दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चलेगा? पीएम के इस बयान को यूसीसी बिल पेश किये जाने के के पक्ष शुरुआत माना जा रहा है।

मानसून संसद सत्र के पहले कांग्रेस भी अपनी तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस सोनिया गांधी की अध्यक्षता में संसदीय समिति सीपीसी की बैठक होने जा रही है। बैठक 10 जनपथ पर बुलाई गई है। सामान नागरिक संहिता पर पीएम मोदी के बयान के बाद से ही कांग्रेस केंद्र पर हमलावर है। अनुमान है इस मामले में संसद में विपक्ष पूरा मोर्चा संभालेगा।

दूसरी तरफ दिल्ली में ट्रांसफर पोस्टिंग के मामले पर उपराज्यपाल को शक्तियां देने वाले विधेयक पर भी हस्तक्षेप के आसार हैं। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरे देश में बीजेपी विरोधी दलों से मुलाक़ात करने के साथ उनका समर्थन मांग रहे हैं। इस मामले में केजरीवाल ने कांग्रेस से भी विधेयक विरोध की मांग की है लेकिन अभी तक कांग्रेसी खेमे से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *