कोरोना के कारण स्थगित हुआ द. अफ्रीका- इंग्लैंड का मैच, सीरीज़ के रद्द होने के आसार

केपटाउन, 07 दिसंबर : दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच सोमवार को होने वाले दूसरे एकदिवसीय मैच कोरोना के कारण स्थगित कर दिया गया है।

यह निर्णय सीएसए और ईसीबी ने संयुक्त रूप से लिया है। इसकी जानकारी दोनों टीमों के बोर्ड की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक बयान में दी गई है। बोर्ड इंग्लैंड की तरफ से दो संभावित कोविड-19 पॉजिटिव टेस्ट के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।

इंग्लैंड की टीम जिस होटल में ठहरी है उस होटल के दो स्टाफ कोरोना संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद शनिवार शाम इंग्लैंड की टीम और मैनेजमेंट का कोरोना टेस्ट कराया गया था। ये भी खबर है कि एक बार रिव्यू का परिणाम आ जाए तो इसके बाद इस एकदिवसीय सीरीज के बाकी के बचे दो मैचों पर दोनों बोर्ड चर्चा करेंगे और क्या करना है ये तय करेंगे।

इससे पहले भी बोलैंड पार्क मैदान पर खेला जाने वाला पहला एकदिवसीय मैच रद्द कर दिया गया था। नतीजे नहीं आने के कारण पहले मैच को देर से कराने पर सहमति बनी मगर अंत में इसे रद्द करने का फैसला किया गया।

बायो बबल के बावजूद कोरोना के मामले सामने आने से इंग्लैंड के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर खतरा मंडरा रहा है। गत 18 नवंबर को क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने तीन खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने की सूचना दी थी। इनमें से दो मामले टीमों के बायो बबल में जाने के बाद आये थे। अब दूसरे एकदिवसीय मैच के स्थगति कराए जाने के बाद इस सीरीज के रद्द किए जाने की आशंका भी तेज हो गई है।

इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच इस एकदिवसीय सीरीज से पहले तीन मैचों की टी-20 सीरीज हुई थी जिसे इंग्लैंड ने 3-0 से जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *