बांये हाथ का यूज नहीं कर सकतीं खालिदा जिया: डॉक्टर

ढाका। जेल में बंद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया के डॉक्टर ने कहा है कि लकवाग्रस्त होने के बाद जिया अब अपने बांये हाथ का इस्तेमाल नहीं कर सकतीं। जिया (73) की सेहत बिगड़ने के बाद एक अदालत के आदेश के बाद उन्हें पिछले सप्ताह यहां एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उन्हें एक अनाथालय से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद फरवरी में 5 वर्ष के लिए जेल में डाला गया था। डॉ. अब्दुल जलील चौधरी ने सोमवार को बंगबंधु शेख मुजीब मेडिकल यूनिवर्सिटी में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वे गत 30 वर्ष से गठिया से पीड़ित हैं जिसकी वजह से उनका बांया हाथ लकवाग्रस्त हो गया।

बीएनपी अध्यक्ष के उपचार में लगे 5 सदस्यीय मेडिकल बोर्ड के प्रमुख ने कहा कि जिया का बांया हाथ लकवाग्रस्त होने के बाद टेढ़ा हो गया है। उन्होंने अपनी आर्थराइटिस की दवाएं ठीक तरह से नहीं लीं। चौधरी ने कहा कि उनके बदले जा चुके एक घुटने में भी समस्या है।

उन्होंने बताया कि जिया को गत 20 वर्ष से डायबिटीज है लेकिन उन्होंने बताई गई इंसुलिन नहीं ली। इसलिए हमें पहले उनके डायबिटीज का स्तर पता लगाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *