अहमदाबाद। भारतीय तटरक्षक बल के जहाज ‘समुद्र पावक’ ने रविवार को समुद्र से एक पाकिस्तानी नाव पकड़ी है। यह नाव गुजरात तट से दूर पकड़ी गई है। इसमें 9 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनसे अधिकारियों ने पूछताछ की। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारी पाकिस्तानी नाव और उसके क्रू मेंबर्स को जांच के लिए पोरबंदर ले जा रहे हैं। Indian coast gaurd
शुरुआती जांच में संकेत मिल रहे हैं कि नाव में सवार लोग मछुआरे थे। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि नाव में सवार पाकिस्तानी मछुआरे हैं, जो गलती से भारत की समुद्री सीमा में घुस गए हैं या फिर किसी और मकसद आए से लोग हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद चौकसी
मुंबई के 2008 के हमलों के वक्त भी आतंकी समुद्र के रास्ते से आए थे। उरी हमले और भारत की ओर से पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत की समुद्री सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
तटरक्षक बल के पीआरओ विंग कमांडर अभिषेक मतिमान ने कहा, ‘सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुजरात तट से दूर समुद्र में जहां भारतीय तटरक्षक बल के जहाज और एयरक्राफ्ट को तैनात किया गया है, वहां पर भारतीय तटरक्षक बल के जहाज समुद्र पावक ने सुबह करीब 10.15 बजे 9 क्रू मेंबर्स के साथ एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है।’
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को मुंबई से 50 समुद्री मील दूर अरब सागर में एक नाव में 10 संदिग्धों को देखे जाने की खबर आई थी। मछुआरों ने तटरक्षक ऑफिशियल्स को इसकी जानकारी दी थी। मछुआरों ने बताया था कि नाव में सवार लोगों ने उनसे मुंबई का रास्ता पूछा था। बता दें कि उड़ी टेरर अटैक के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है।
पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और उसके समर्थित आतंकी संगठनों के पलटवार की आशंका है। इसके चलते केंद्र सरकार ने पाकिस्तान बॉर्डर से सटे गुजरात, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के अलावा दिल्ली और मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर रखा है। राज्य सरकारों से सेंसिटिव जगहों और बाजारों पर सिक्युरिटी कड़ी करने को कहा गया है।
# Indian coast gaurd