देश को आज़ादी मिली और डॉक्टर आंबेडकर का बेहद महत्वपूर्ण योगदान के साथ 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान लागू हुआ। आज का दिन अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है और बताता है कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता संविधान के मूल आधार हैं।
जब भारत को अंग्रेज़ों की गुलामी से आजादी मिली तो उस समय देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक ऐसे लोकतांत्रिक ढांचे के निर्माण को लेकर थी, जिसमें अलग-अलग भाषा, धर्म, संस्कृति और परंपरा से जुड़े नागरिकों को समान अधिकार मिल सकें।
विचार-विमर्श और अध्ययन के बाद बना संविधान
यह बड़ी ज़िम्मेदारी थी जिसे पूरा करने के लिए संविधान सभा ने लंबी चर्चा, विचार-विमर्श और व्यापक अध्ययन के बाद भारत संविधान तैयार किया गया। दो वर्ष से अधिक समय लगा और 26 नवंबर 1949 को संविधान अपनाया गया जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसी दिन भारत गणराज्य बना।
देश का सर्वोच्च मौलिक कानून
संविधान देश का सर्वोच्च मौलिक कानून है। संसद और राज्य विधानमंडल इसके तहत अलग-अलग सामान्य कानून (जैसे—BNS, BNSS, GST आदि) बनाते हैं। संविधान की संरचना इस प्रकार है-
• अनुच्छेद (Articles): मूल रूप से 395 अनुच्छेद थे (संशोधनों के बाद उप-खंडों सहित संख्या 440+ से अधिक हो चुकी है, हालांकि मुख्य संख्या 395 ही मानी जाती है)।
• भाग (Parts): मूल रूप से 22 भाग थे (वर्तमान में संशोधनों के साथ 25 भाग)।
• अनुसूचियाँ (Schedules): मूल रूप से 8 अनुसूचियाँ थीं, जो अब बढ़कर 12 हो गई हैं।
कुल संशोधन: 1950 में संविधान लागू होने के बाद से अब तक 106 संविधान संशोधन अधिनियम पारित हो चुके हैं। पहला संशोधन साल 1951 में हुआ था जबकि 106वां संशोधन साल 2023 में किया गया। यह लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षण से संबंधित है। इसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम दिया गया।
राष्ट्रीय कानून दिवस
भारत का संविधान देश के लोकतंत्र, नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और शासन व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान दिवस को ‘संविधान दिवस’ और ‘राष्ट्रीय कानून दिवस’ के नाम से भी जाना जाता है।
संविधान मौलिक अधिकार प्रदान करता है
संविधान देश के हर नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता का अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक उपचार जैसे अधिकार लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं।
भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉक्टर आंबेडकर
डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यही कारण है कि डॉक्टर आंबेडकर को भारतीय संविधान का प्रमुख शिल्पकार कहा जाता है। भारत के संविधान को दुनिया के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक माना जाता है।
संविधान की प्रस्तावना में देश का सपना दर्ज है
ये केवल शब्द नहीं, बल्कि उस भारत की कल्पना हैं, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले। भारतीय संविधान की प्रस्तावना बेहद महत्वपूर्ण होने के साथ देश के मूल आदर्शों को सामने रखती है। इसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का संकल्प है। प्रस्तावना में लिखे शब्द महज़ इबारत नहीं बल्कि अनेकता में एकता को समेटे इस देह की आत्मा हैं।
नई पीढ़ी के लिए संविधान दिवस का संदेश
संविधान दिवस युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। आज का दिन अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और कर्तव्यों को समझने का दिन है। स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों और विभिन्न संगठनों में इस दिन संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ एवं चर्चा के माध्यम से इस पर बात होनी चाहिए और लोगों को जागरूकता किया जाना चाहिए।
वर्तमान जिओ पॉलिटिक्स और आर्थिक चुनौतियों के बीच आज के दौर में समाज भी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में संविधान के मूल्यों को समझना और उन्हें अपने व्यवहार में उतारना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
बताते चलें कि साल 2015 से हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ मनाया जाता है। हर साल आज के दिन मनाया जाने वाला संविधान दिवस हमें उस ऐतिहासिक पलों की याद दिलाता है, जब संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। भारत सरकार ने 2015 में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती पर पहली बार इसे संविधान दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। इससे पहले इसे राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में जाना जाता था।
साल 2009 में जिस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने 26 नवंबर को राज्य में संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। वर्ष 2015 में बतौर प्रधानमंत्री उन्होंने भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे देश में इस विशेष दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने की पहल की।
पत्र सूचना कार्यालय के अनुसार, संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा MyGov पोर्टल पर 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेज़ी (कुल 23 भाषाओं) में संविधान की प्रस्तावना को ऑनलाइन पढ़ने की सुविधा है। इसके साथ ही MyGov और MyBharat पोर्टल पर संविधान क्विज़ तथा 24 से 26 नवंबर 2026 तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विकसित भारत युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
संविधान दिवस हमें याद दिलाता है कि भारत की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की असली ताकत उसका संविधान है। 26 नवंबर का दिन संविधान निर्माताओं के योगदान को सम्मान देने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझने का अवसर है। प्रत्येक भारतीय को संविधान के मूल्यों का सम्मान करना चाहिए और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।