बंगाल की खाड़ी में बने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर आने वाले दिनों के मौसम पर दिखेगा

नवंबर गुजरने के साथ सूरज का असर कुछ बेअसर होने लगा है। सुबह शाम में तो मौसम का मिज़ाज कई दिनों से बदला था अब इसका कुछ असर बाक़ी दिन पर भी नज़र आने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं की जानकारी दी है जबकि पहाड़ी इलाक़ों पर बर्फ़बारी अपनी चारद फैला चुकी है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम विकसित होने वाला है। इसके साथ ही उत्तर भारत में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर नज़र आ रहा है।

लखनऊ का मौसम
लखनऊ और उत्तर भारत के मौसम का जायज़ा लें तो पाते हैं मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश में ठंड बढ़ रही है। विभाग के अनुसार, बीते दिन यानी गुरुवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम नमी 90 और न्यूनतम 40 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान वाला इलाक़ा हरदोई रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम में उतार-चढ़ाव
सुबह कोहरा और दिन में धुंध के साथ आने वाले दिनों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालाँकि इस बीच मौसम में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है। रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट नवंबर के तीसरे सप्ताह में होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। वातावरण में बनी स्थिरता के कारण सुबह कोहरा और दिन में धुंध की स्थिति बन रही है।

कई राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
अपने पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने आज यानी 13 नवंबर को पूर्वोत्तर के कई इलाक़ों सहित 17 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। इनमे दिल्ली, बिहार, राजस्थान, झारखंड प्रमुख हैं। दूसरी तरफ पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर भी जारी रहने के आसार हैं। विभाग का कहना है कि इस बीच कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे पहुंचने की उम्मीद है।

उत्तराखंड में बारिश तथा बर्फबारी
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। विभाग ने इसके 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलने की बात भी कही है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश तथा बर्फबारी हो सकती है।

विभाग का कहना है कि आज यानी 13 नवंबर से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फ़बारी और बारिश के संकेत हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों में 15 नवंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ, बंगाल की खाड़ी में 13 से 15 नवंबर के बीच कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल सकता है। इसका असर अंडमान-निकोबार में 18 नवंबर तक बारिश के रूप में नज़र आने के संकेत मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *