‘मेड इन इंडिया’ सीज़न 2 पर काम शुरू जिसका टाइटल होगा ‘अ तनिष्क स्टोरी’

भारत की सबसे पसंदीदा कॉर्पोरेट मगर शुरुआत में कमजोर मानी जाने वाली कहानी का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ को मिली शानदार सफलता के बाद अब इसके दूसरे सीज़न पर काम शुरू होने की खबर सामने आ रही है। खबर में कहा गया है कि इस बार कहानी देश की दिग्गज ज्वेलरी कंपनी ‘तनिष्क’ की शुरुआत पर केंद्रित होगी।

हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया की एक खबर के अनुसार, मेड इन इंडिया शो के पहले सीज़न को साल की बेहतरीन सिरीज़ में जगह मिली है। अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर काफी हिट रहे इस सीज़न में जिम सर्भ ने ज़ेरक्सेस देसाई और नसीरुद्दीन शाह ने जेआरडी टाटा का किरदार निभाया था।

खबर के अनुसार, ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ के दूसरे सीज़न का नाम ‘मेड इन इंडिया: अ तनिष्क स्टोरी’ होगा। पहले सीज़न में टाइटन कंपनी के आगे बढ़ने और इसे भारत के सबसे सफल कंज्यूमर ब्रांड्स में से एक बनाने वाले लोगों की कहानी दिखाई गई थी।

इस सिरीज़ को एक बार फिर ‘ऑलमाइटी मोशन पिक्चर’ प्रोड्यूस करेगा और पहले सीज़न को डायरेक्ट करने वाले रॉबी ग्रेवाल ही इसे डायरेक्ट करेंगे। सूत्र ने आगे बताया, “नए सीज़न में जेआरडी टाटा का किरदार नज़र नहीं आएगा, क्योंकि तनिष्क की शुरुआत के समय वे वहां मौजूद नहीं थे। हालांकि, रतन टाटा इसमें दिखाई दे सकते हैं। इस पर काम शुरू हो चुका है और जल्द ही इसकी शूटिंग भी शुरू हो जाएगी।”

सूत्रों का कहना है कि नए सीज़न में कहानी का सिलसिला बना रहेगा, जिसमें जिम सर्भ का किरदार कहानी को आगे बढ़ाएगा। शो के बारे में बाकी जानकारी अभी आनी बाकी है।

बताते चलें कि विनय कामथ की किताब ‘टाइटन – इंडियाज़ मोस्ट सक्सेसफुल कंज्यूमर ब्रांड’ पर आधारित ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ में महत्वाकांक्षा, मेंटरशिप और “बेहतरीन काम करने की उस लगन” को दिखाया गया था, जिसने एक मुश्किल लगने वाले विचार को एक राष्ट्रीय विरासत में बदल दिया। इस शो को करण व्यास ने लिखा था। इसमें नमिता दुबे, वैभव तत्ववादी, लक्षवीर सरन और कावेरी सेठ भी अहम भूमिकाओं में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *