एक शोध से पता चलता है कि नियमित रूप से कॉफी पीने का असर हमारे पाचन तंत्र के काम करने के तरीके पर पड़ता है। कोपेनहेगन विश्वविद्यालय में किए गए एक अध्ययन से निकलने वाला यह निष्कर्ष कहता है कि इससे कब्ज के बेहतर इलाज की दिशा में मदद मिल सकती है।
अगर आप नियमित रूप से कॉफी पीते हैं, तो ऐसा लगता है कि यह न केवल आपकी आंतों के बैक्टीरिया को बदलती है, बल्कि आंतों की कार्यप्रणाली (फिजियोलॉजी) को भी प्रभावित करती है।
कोपेनहेगन विश्वविद्यालय की एक शोध टीम ने डेनमार्क के कुछ लोगों को एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक कैप्सूल निगलने के लिए कहा। पाचन तंत्र से गुजरते हुए, इस कैप्सूल ने कई चीजों को मापा, जैसे कि गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सिस्टम से गुजरने में लगा समय, तापमान, pH स्तर और आंतों में होने वाली हलचल (कॉन्ट्रैक्शन)।
प्रतिभागियों को दो समूहों में बांटा गया। इनमें एक वे जो अक्सर कॉफी पीते थे। अकसर आठ दिनों में से तीन से ज़्यादा दिनों में दिन में एक से पांच कप के बीच पीते थे। और दूसरे वे जो बहुत कम कॉफी पीते थे।
नतीजों से सबसे पहले तो इस बात की पुष्टि हुई कि कॉफी आंतों के बैक्टीरिया की संरचना को प्रभावित करती है, जैसा कि पहले के अध्ययनों में भी बताया गया था। जो लोग अक्सर कॉफी पीते थे, उनकी आंतों में सूक्ष्मजीवों (माइक्रोऑर्गेनिज्म) की विविधता, कम कॉफी पीने वालों की तुलना में अधिक थी।
यह पहले से ही अच्छी तरह से स्थापित है कि सीमित मात्रा में कॉफी पीने से हृदय रोगों, मधुमेह, डिप्रेशन और कई तरह के कैंसर का खतरा कम हो सकता है। हालांकि, इस बारे में बहुत कम जानकारी है कि नियमित रूप से कॉफी पीने का आंतों की शारीरिक स्थिति (फिजियोलॉजिकल कंडीशन) से क्या संबंध है।
आंतों में कॉन्ट्रैक्शन को बढ़ावा देती है
शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग अक्सर कॉफी पीते थे, उनकी छोटी आंत में pH स्तर, कम कॉफी पीने वालों की तुलना में काफी कम था। उन्होंने यह भी देखा कि ज्यादा कॉफी पीने का संबंध कोलन (बड़ी आंत) में होने वाली अधिक हलचल यानी कॉन्ट्रैक्शन से है।
शोधकर्ता अभी यह तय नहीं कर पाए हैं कि कम pH स्तर स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है या हानिकारक। हालांकि, छोटी आंत में pH स्तर, पाचक एंजाइमों की सक्रियता और भोजन के टूटने (पाचन) की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शोधकर्ताओं का यह भी कहना है कि इस अध्ययन से यह साबित नहीं होता कि ये अंतर केवल कॉफी पीने की वजह से हैं। फिर भी, वरिष्ठ लेखक हेनरिक मंच रोएगर का मानना है कि यह मानने के ठोस कारण हैं कि इसमें कॉफी की अहम भूमिका हो सकती है।
पोषण, व्यायाम और खेल विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर और रिसर्च ग्रुप लीडर, हेनरिक मंच रोएगर कहते हैं, “उदाहरण के लिए, अन्य अध्ययनों से हमें पहले से पता है कि कॉफी पाचन तंत्र की कई प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकती है, जिसमें पेट में एसिड का स्राव भी शामिल है। इसलिए, यह मानने के अच्छे कारण हैं कि हम जो देख रहे हैं, वह महज एक संयोग नहीं है। कई लोग भी बताते हैं कि कॉफी उनके पाचन पर असर डालती है।”
और अधिक अध्ययन की जरूरत
रोएगर के अनुसार, अगला स्वाभाविक कदम एक ‘इंटरवेंशन स्टडी’ (हस्तक्षेप अध्ययन) हो सकता है। इसमें शोधकर्ता यह नियंत्रित करेंगे कि प्रतिभागी कितनी कॉफी पीते हैं, और वे देखेंगे कि कॉफी ज्यादा पीने के दौरान और कॉफी न पीने के दौरान आंतों की कार्यप्रणाली (gut physiology) में क्या बदलाव आते हैं।
हेनरिक मंच रोएगर कहते हैं, “बहुत से लोग कब्ज और अनियमित मल त्याग (bowel movements) की समस्या से जूझते हैं। अगर हम यह समझ सकें कि कॉफी पाचन और आंतों के संकुचन (intestinal contractions) को कैसे प्रभावित करती है, तो इस जानकारी का उपयोग आंतों की गतिशीलता (gut motility) को प्राकृतिक तरीके से बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। यह बहुत उपयोगी साबित होगा।”
शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि इन और भविष्य के नतीजों से एक व्यापक समस्या को सुलझाने में मदद मिल सकती है।