ऑस्कर की रेस में भारतीय फिल्म ‘वी वर हीअर’ का साथ देंगी एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा

प्रणव भसीन की लिखी और निर्देशित शॉर्ट फिल्म ‘वी वर हीअर’ को अब तक 80 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जा चुका है। भारतीय सिनेमा को इंटरनेशनल लेवल पर पहचान दिलाने की दिशा में प्रियंका चोपड़ा ने कदम बढ़ाया है। फिल्म ने अपने फेस्टिवल सफर में कई बड़े अवॉर्ड जीते हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म से जुड़ने की बात पर अपनी खुशी जाहिर की है। मीडिया से उन्होंने बताया कि यह फिल्म एक ऐसे विषय को नए और मजेदार अंदाज में पेश करती है, जो आज के समय में काफी प्रसांगिक है।

प्रियंका का कहना है कि एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर इससे जुड़ने का मौका मिलते ही उन्होंने हां कर दी। वह इस क्रिएटिव टीम का साथ देना चाहती है ताकि उनकी शानदार और अनोखी सोच को वह पहचान मिल सके जिसकी वह हकदार है।

फिल्म के बारे में
‘वी वर हीअर’ 20 से ज्यादा अवॉर्ड जीत चुकी है।
फिल्म को साउथ बाय साउथवेस्ट (SXSW) फिल्म फेस्टिवल में ऑडियंस अवॉर्ड फॉर बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट और रेडब्रेस्ट अनहिडन अवॉर्ड मिला।
इसके अलावा पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट में फिल्म ने 15 मिनट से कम की बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म और बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट का अवॉर्ड जीता।
क्लेरमॉन्ट-फेरांड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में इसे कैनाल प्लस सम्मान मिला है।
इसी फिल्म फेस्टिवल में इसका वर्ल्ड प्रीमियर भी हुआ था।
पाम स्प्रिंग्स में मिले अवॉर्ड की वजह से ही फिल्म ऑस्कर के लिए क्वालिफाई कर पाई।

फिल्म की कहानी
फिल्म में कॉमेडी के जरिए तकनीक, रोजगार और बदलती दुनिया में इंसानों की जगह जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है। ‘वी वर हीअर’ की कहानी की बात करें तो यह भारत के एक छोटे से शहर में रहने वाले तीन रिटायर्ड पुरुषों की कहानी है। उन्हें लगता है कि मशीनें धीरे-धीरे इंसानों की नौकरियां छीन रही हैं।

इसके विरोध में वे तीनों एक अनोखा तरीका अपनाते हैं। वे घर में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का रूप धारण करके अपना विरोध जताने लगते हैं। इस सभी की कोशिश में नया मोड़ उस समय आता है जब उनमें से एक के बच्चे की नौकरी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी में लग जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *