आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी वर्चुअल एक्ट्रेस टिली नॉरवुड एक इंटरव्यू के दौरान अचानक इंग्लिश की जगह चाइनीज़ बोलने लगीं। पियर्स मार्गन के लाइव शो के बीच उस वक्त सब हैरान हो गए जब एआई एक्टर टिली नॉरवुड ने अचानक अंग्रेजी की जगह कैंटोनीज यानी चीनी भाषा में बोलना शुरू कर दिया।
यह घटना फिल्म ‘मिस अलाइन्ड’ के बारे में एक इंटरव्यू के दौरान हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंटरव्यू के दौरान, एक्टर टॉम कोंटी ने एआई एक्ट्रेस टिली नॉरवुड से पूछा कि फिल्म में उनके साथ दिखने वाले दूसरे एक्टर असली लोग हैं या कंप्यूटर से बने कैरेक्टर?
इस सवाल के जवाब में टिली नॉरवुड ने फिल्म के प्रोडक्शन के तरीके के बारे में बात करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘मिस अलाइन्ड’ एक हाइब्रिड प्रोडक्शन है, जिसमें असली डायरेक्टर, राइटर और एडिटर भी शामिल हैं और इसका मकसद किसी को रिप्लेस करना नहीं बल्कि कहानी कहने के नए तरीके खोजना है।
अपने सवाल का सही जवाब न मिलने पर टॉम कोंटी ने फिर पूछा कि फिल्म में उनके साथ दिखने वाले एक्टर असली हैं या एआई टेक्नोलॉजी से बनाए गए हैं। इस बार एआई एक्ट्रेस ने जवाब दिया कि फिल्म में दूसरे एक्टर भी मेरी तरह डिजिटल ट्विन हैं।
इंटरव्यू के दौरान अपने जवाब को और समझाते हुए टिली नॉरवुड अचानक चीनी भाषा में बात करने लगीं। इस अचानक हुए बदलाव से पियर्स मॉर्गन और टॉम कोंटी हैरान रह गए। पियर्स मॉर्गन ने एआई एक्ट्रेस से पूछा कि आप इंटरव्यू के दौरान अचानक बिना किसी वजह के चीनी भाषा में क्यों बोलने लगीं?
जिस पर एआई एक्ट्रेस ने माफी मांगी और कहा कि यह टेक्निकल गड़बड़ी की वजह से हुआ। मेरा चीनी भाषा में बोलने या पियर्स मॉर्गन की नकल करने का कोई इरादा नहीं था। कभी-कभी ऐसी गड़बड़ हो सकती है।