दृश्यम एक और दो की ज़बरदस्त कामयाबी के बाद से दर्शकों की इसके हिंदी वाले तीसरे भाग का बेसब्री से इन्तिज़ार था। आखिरकार अजय देवगन ने ‘दृश्यम 3’ की रिलीज डेट साझा कर दी है। इसके साथ उन्होंने इसका टाइटल भी रिवील किया है।
अपकमिंग फिल्म में अजय देवगन इस फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म में विजय सलगांवकर के रोल में वापसी कर रहे हैं। इन्होने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तीसरी फिल्म का आधिकारिक टाइटल ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ अनाउंस किया है। यह फिल्म दो अक्तूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
आज यानी 24 अगस्त को हिंदी वर्जन के लीड एक्टर अजय देवगन ने ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का पहला पोस्टर जारी किया है। अजय ने फ्रेंचाइजी के आखिरी चैप्टर का आधिकारिक एलान करते हुए पोस्टर पर लिखा, ‘मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।’ यह कैप्शन विजय सलगांवकर की सोच को बखूबी दिखाता है।
पोस्टर में अजय देवगन की जो तस्वीर है उसमे उनका आधा चेहरा नज़र आ रहा है। अंदाजा लगाया जाता है कि इस फिल्म में के ज़रिए इस बार कहानी अपने अंजाम तक पहुंचेगी। इस पोस्टर को अजय देवगन ने फिल्म की लीड हीरोइन तब्बू सहित श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और अभिषेक जैसे कलाकारों को टैग किया है।
बताते चलें कि ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ को स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज मिलकर बना रहे हैं। इस फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं।अभिषेक पाठक तीसरी फिल्म को निर्देशित करेंगे। उन्होंने आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर फिल्म की कहानी भी लिखी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, तीसरे पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म अभी पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है। बताते चलें कि हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2015 में मोहनलाल की मलयालम थ्रिलर के रीमेक के साथ हुई थी।
फिल्म की कहानी, अदाकरी और दृश्य दर्शकों को इतना भाए कि दुनिया भर में इसने लगभग 110 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। इसके बाद 2022 में ‘दृश्यम 2’ ने भी सिलसिला बरकरार रखा और ज़बरदस्त हिट साबित हुई। इस फिल्म ने भी दुनिया भर में लगभग 342 करोड़ रुपये की कमाई की।