डॉक्टर की वायरल पोस्ट में 50 करोड़ दहेज के साथ प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी ने सोशल मीडिया पर छेड़ी बहस

सोशल मीडिया पर इस समय एक महिला रेडियोलॉजिस्ट की इमोशनल पोस्ट ज़बरदस्त वायरल हो रही है। इस पोस्ट की मानें तो जीवनसाथी की तलाश के दौरान उन्हें दहेज प्रथा सामना करना पड़ा। अब इस पोस्ट ने देश में दहेज प्रथा पर फिर से बहस छेड़ दी है।

मनी कंट्रोल की एक खबर के अनुसार, भारत में दहेज प्रथा को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। एक महिला रेडियोलॉजिस्ट की सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट वायरल हो रही है। डॉक्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी शादी के लिए रिश्ता तलाशने के दौरान कथित तौर पर झेली गई दहेज मांगों का दर्द शेयर किया है।

खबर के अनुसार, डॉक्टर का दावा है कि कुछ परिवारों ने उनसे 50 करोड़ रुपये तक दहेज मांगा। जबकि एक अन्य परिवार ने उनकी प्रॉपर्टी में 10 फीसदी हिस्सेदारी की मांग रखी। उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

गौरतलब है कि देश में दहेज लेना और देना कानूनन अपराध होने के बावजूद यहाँ कई हिस्सों से समय-समय पर दहेज मांगने के आरोप सामने आते रहते हैं। हालांकि, इस मामले में महिला डॉक्टर द्वारा लगाए गए आरोप स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किए गए हैं। क्योंकि संबंधित परिवारों की ओर से इस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन इस पोस्ट ने भारत में दहेज प्रथा के बने रहने पर फिर से बहस छेड़ दी है।

ऑनलाइन शेयर किए गए मैसेज में महिला डॉक्टर ने बताया कि वह एक रेडियोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने रेडियोडायग्नोसिस में एमडी किया है। महिला ने कहा कि वह तीन बहनों में सबसे बड़ी हैं और आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं। यानी अपने परिवार की देखभाल करने में सक्षम हैं। हालांकि, अपनी प्रोफेशनल उपलब्धियों के बावजूद उन्होंने दावा किया कि सही जीवनसाथी ढूंढना भावनात्मक रूप से थका देने वाला अनुभव रहा है, क्योंकि होने वाले दूल्हे के परिवारों ने दहेज की मांगें रखीं।

महिला डॉक्टर पोस्ट में लिखा कि पेशेवर रूप से सफल होने के बावजूद शादी के लिए उपयुक्त जीवनसाथी ढूंढना उनके लिए बेहद कठिन और मानसिक रूप से थका देने वाला अनुभव बन गया है। इसके पीछे कथित तौर पर दूल्हे पक्ष की ओर से की गई दहेज की मांगें हैं। महिला ने लिखा, “इस प्रक्रिया के दौरान मुझे जिन स्थितियों का सामना करना पड़ा, वे वाकई बहुत मुश्किल हैं।”

महिला डॉक्टर के अनुसार, एक परिवार ने शादी के लिए 50 करोड़ रुपये दहेज की मांग की। वहीं, दूसरे परिवार ने कथित तौर पर यह शर्त रखी कि क्योंकि दूल्हे का भाई भी डॉक्ट। है, इसलिए उन्हें अपनी प्रॉपर्टी का 10 प्रतिशत हिस्सा ‘आदापडुचु कट्नम” (एक पारंपरिक उपहार/दहेज प्रथा का संदर्भ) के रूप में देना होगा।

खबर में महिला डॉक्टर का कहना है कि इन मांगों ने उनके माता-पिता पर भारी मानसिक दबाव डाला, क्योंकि वे उनकी शादी कराने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके माता-पिता ने सामाजिक दबाव के बावजूद उन्हें ऐसे रिश्तों के लिए मजबूर नहीं किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि तीन बेटियों के माता-पिता होने के कारण उनके परिवार को इस तरह के लोगों के बीच रिश्ता तलाशने में काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। अंत में उन्होंने सवाल उठाया, “क्या हम दहेज प्रथा को कभी खत्म नहीं कर पाएंगे?”

इस पोस्ट के वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने डॉक्टर के समर्थन में प्रतिक्रिया दी। यूजर्स ने कथित दहेज मांगों पर हैरानी जताई। कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया कि उन्हें डॉक्टर के बजाय किसी अन्य पेशे के व्यक्ति से शादी पर विचार करना चाहिए। जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि दहेज जैसी प्रथाओं के खिलाफ समाज को मिलकर आवाज उठानी चाहिए। वहीं, कुछ प्रतिक्रियाओं में अलग-अलग व्यक्तिगत राय भी सामने आईं, जिन पर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *