अमरीका के टेक्सास राज्य में मधुमक्खियों के छत्ते ले जा रहा एक ट्रक पलट गया, जिससे करीब 20 लाख मधुमक्खियां फरार हो गईं। सुरक्षा के तहत प्रशासन ने तुरंत वहां की सड़कें बंद कर दीं। लोगों को अपने घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी गई।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ऑरेंज काउंटी के लोकल अधिकारियों ने जानकारी दी है कि यह घटना पिछले सप्ताह रविवार को हुई। दरअसल एक 18 पहियों वाला ट्रक मुड़ते समय पलट गया और इस गाड़ी में करीब 50,000 पाउंड मधुमक्खियां थीं, जिनकी संख्या करीब 20 लाख थी।
इस एक्सीडेंट में ट्रक ड्राइवर तो बाल-बाल बच गया, लेकिन इस हादसे की वजह से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां आस-पास के इलाके में फैल गईं, जिससे खतरनाक स्थिति पैदा होने का खतरा बन गया।
इस हादसे के बाद, मधुमक्खी पालन के एक्सपर्ट्स को तुरंत इमरजेंसी में मौके पर भेजा गया, जिन्होंने मधुमक्खियों को सुरक्षित रूप से छत्तों तक पहुंचाने की कोशिश शुरू कर दी। मधुमक्खियों और उनके छत्तों को बचाने के लिए टीमें जुट गईं। खबर के मुताबिक़, किसी को गंभीर चोट नहीं आई और न ही किसी के मधुमक्खी काटने की खबर मिली। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि लगभग 408 छत्तों में से सिर्फ 25 फीसद मधुमक्खियां ही बच पाएंगी। यह इस बात पर निर्भर करता है कि दुर्घटना के बाद छत्ते की कितनी रानी मधुमक्खियां जिंदा बची हैं।
बताते चलें कि अमरीका में फसलों के पॉलिनेशन और शहद बनाने के लिए मधुमक्खियों के छत्तों को एक राज्य से दूसरे राज्य में ट्रकों के जरिए ले जाना आम बात है। स्थानीय मधुमक्खी पालकों ने बची हुई मधुमक्खियों को पकड़ने के लिए डिब्बे लगाए हैं, लेकिन इलाके को पूरी तरह साफ होने में अभी कुछ समय लगेगा।
आपातस्थिति को देखते हुए ऑरेंज काउंटी के लोकल अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे प्रभावित इलाके से दूर रहें और जब तक स्थिति कंट्रोल में न आ जाए, तब तक बिना वजह अपने घरों से बाहर न निकलें।