पासपोर्ट बनवाने के बतौर नागरिक अब आपको पहले के मुक़ाबले बड़ी कीमत अदा करनी होगी। दरअसल भारत सरकार ने पासपोर्ट बनवाने की फीस में वृद्धि कर दी है। सरकार के इस नए नोटिफिकेशन के मुताबिक़, अब पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदक को 1,000 रुपये अतिरिक्त राशि देनी होगी।
पासपोर्ट की यह बढ़ी हुई नई फीस पहली जुलाई 2026 से लागू हो जाएगी। इस संबंध में विदेश मंत्रालय द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियम-1980 में बदलाव करते हुए यह नई फीस तय की है। नए नियमों के मुताबिक़,यह भी स्पष्ट किया गया है कि 15 से 18 वर्ष के वे नाबालिग, जो वयस्क श्रेणी में आवेदन करते हैं तो उनको भी यही फीस चुकानी होगी जो वयस्कों पर लागू है। इस बदलाव के बाद अब 36 पेज के सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 से बढ़कर 2,500 रुपये हो गई है। तत्काल सेवा की बात करें तो पहले यह राशि 3,500 रुपए थी जिसे बढाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है।
बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए राहत
केंद्र सरकार ने 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नए आवेदनों पर 10 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया है। ध्यान रहे कि यह रियायत पासपोर्ट के री-इश्यू पर लागू नहीं होगी। इस बारे में अधिक जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए, आप Passport Seva Kendra Official Website पर जा सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा किया गया यह बदलाव, पासपोर्ट एक्ट, 1967 की धारा 24 के तहत किया है। इस नई व्यवस्था के तहत अलग-अलग कैटेगरी के पासपोर्ट के लिए आवेदन की फीस निर्धारित की गई है।
फीस वृद्धि पर अपनी बात रखते हुए सरकार का कहना है कि इस संशोधन से पासपोर्ट की सेवाओं को बेहतर बनाने और प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
वृद्धि के बाद पासपोर्ट फीस इस तरह है-
36-पेज सामान्य पासपोर्ट- 1,500 से बढ़कर 2,500 रुपये
36-पेज तत्काल पासपोर्ट- 3,500 से बढ़कर 5,000 रुपये
60-पेज सामान्य पासपोर्ट- 2,000 से बढ़कर 3,500 रुपये
60-पेज तत्काल पासपोर्ट- 4,000 से बढ़कर 6,000 रुपये