भारत के लिए ऑस्कर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दुनिया के सबसे बड़े फिल्म पुरस्कारों में से एक एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने इस साल 529 नए लोगों को अपने वोटिंग पैनल में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। इस लिस्ट में भारत के 6 नाम भी शामिल हैं,
गौरतलब है कि अकादमी ने हर साल की तरह इस बार भी दुनियाभर के कलाकारों, एक्टर्स और फिल्ममेकर्स का चयन किया है। ख़ास बात यह है कि इस लिस्ट में बॉलीवुड के चर्चित नाम फिल्ममेकर और म्यूजिक कंपोजर विशाल भारद्वाज सहित 6 नाम भी शामिल हैं।
सूची में हॉलीवुड के कई बड़े नाम भी शामिल हैं, जिनमें जेकब एलॉर्डी, जेना ऑर्टेगा, जोश ओ’कॉनर और सिमू लियू के अलावा डायरेक्टर जैक क्रेगर और सेफडी ब्रदर्स भी इस सूची का हिस्सा हैं।
बात करें बॉलीवुड की तो भारत से जिन लोगों को अवसर मिला है उनके नाम इस तरह हैं-
विशाल भारद्वाज (फिल्ममेकर और म्यूजिक कंपोजर)
दीपा भाटिया (फिल्म एडिटर)
ए. श्रीकर प्रसाद (एडिटर)
एका लखानी (कॉस्ट्यूम डिजाइनर)
दिलीप शंकर (कास्टिंग डायरेक्टर)
अवनीत कौर (डिज्नी एनिमेटर)
गौरतलब है कि ए श्रीकर प्रसाद को फिल्म आरआरआर के लिए खास तौर पर अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थी। सूची में शामिल दीपा भाटिया ने ‘तारे जमीन पर’ और ‘काय पो चे’ जैसी फिल्मों में काम किया है। कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लखानी रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए जानी जाती हैं, जबकि दिलीप शंकर ने लास्ट फिल्म शो जैसी फिल्म में कास्टिंग की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यदि सभी लोग इस निमंत्रण को स्वीकार कर लेते हैं, तो अकादमी के कुल सदस्य 11,000 से ज्यादा हो जाएंगे। इनमें से 10,000 से ज्यादा लोग वोटिंग में हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि पिछले 10 वर्षों में यह संख्या लगभग दोगुनी हो गई है।
अकादमी का कहना है कि वह लगातार विविधता और समानता पर ध्यान दे रही है। ऐसे में आयोजन से जुड़ी जानकारियों पर एक नज़र डालें तो पाते हैं कि इस बार शामिल किए गए नए सदस्यों में-
53 प्रतिशत सदस्य अमरीका के बाहर के देशों से हैं।
42 प्रतिशत महिला भागीदारी है।
56 प्रतिशत लोग अंडर-रिप्रेजेंटेड कम्युनिटीज से हैं।
बताते चलें कि 99वें अकादमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च 2027 को होगा। इस बार भी होस्ट के रूप में कोनन ओ’ब्रायन नजर आएंगे, और वह लगातार तीसरी बार यह जिम्मेदारी निभाएंगे।