भारतीय साइबर क्राइम विभाग ने ताजमहल टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े फ़र्ज़ी वेबसाइट से सतर्क रहने की सलाह दी है। यह वेबसाइट ताजमहल टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के नाम पर लोगों को निशाना बना रही हैं। CyberDost ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है।
भारतीय साइबर क्राइम विभाग की ओर से CyberDost पहल ने एक ऐसी फर्जी वेबसाइट को लेकर अलर्ट जारी किया है। यह वेबसाइट ताजमहल टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के ज़रिए लोगों को निशाना बना रही है। पैसे की ठगी के अलावा इस वेबसाइट पर यूजर्स की निजी जानकारी भी चुराने का आरोप है।
भारत सरकार के इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की CyberDost पहल ने पर्यटकों को ऐसी कथित फर्जी वेबसाइट से सतर्क रहने की सलाह दी है। इस तरह की वेबसाइट खुद को ताजमहल की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा बताकर यूजर्स को भ्रमित कर रही है।
CyberDost की तरफ से साझा कंकरी में कहा गया है कि “ticketstajmahal.com” नाम की वेबसाइट देखने में अधिकृत टिकट बुकिंग पोर्टल जैसी लगती है। इसी वजह से कई लोग इसे असली सरकारी या अधिकृत वेबसाइट समझ लेते हैं।
साथ ही CyberDost ने सतर्क करते हुए कहा है कि अगर कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग करते समय वेबसाइट के यूआरएल की पड़ताल बेहद जरूरी है। साथ ही उन वेबसाइट्स से भी बचने की सलाह दी गई है, जो “फास्ट बुकिंग”, भारी डिस्काउंट या कम कीमत में एंट्री टिकट देने का दावा करती हैं। साइबर एजेंसी के मुताबिक़, ऐसे फर्जी पोर्टल खासतौर पर भरोसा जीतने और लोगों से पैसे व संवेदनशील जानकारी हासिल करने के लिए बनाए जाते हैं।
वेबसाइट्स पर अपनी बैंकिंग डिटेल्स, कार्ड जानकारी या अन्य निजी डेटा साझा करने को खतरनाक बताते हुए CyberDost का कहना है कि इससे वित्तीय धोखाधड़ी और डेटा चोरी का खतरा बढ़ जाता है।