उत्तर प्रदेश में आज मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जिसके चलते आज यानी 12 मई को नोएडा-गाजियाबाद सहित कई जिलों में आंधी और बारिश के साथ बदल के गरजने के भी संकेत मिले हैं। मंगलवार सुबह पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहा। पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही और तेज हवा से बारिश का माहौल बना हुआ है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो मंगलवार से अगले तीन-चार दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों इलाक़ों में और खासकर तराई क्षेत्रों में बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन इसके बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
यूपी में मौसम विभाग ने 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं लोगों को सावधान रहने की भी हिदायत दी गई है। प्रदेश के कई ज़िलों में बारिश के अलावा 40-50 किमी की रफ़्तार से तेज हवाएं चलेंगी। विभाग ने बिजली गिरने की भी चेतावनी दी हैं।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए पश्चिमी यूपी, दिल्ली से सटे जिलों और तराई के कुल 38 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं के साथ गरज चमक व हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसका कारण विक्षोभ के सक्रिय होने को बताया गया है।
हालाँकि इस बीच उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव के बावजूद राहत ज़्यादा रही। मई का महीना होने के बाद भी प्रदेशवासियों को लू से निजात मिली। तेज हवाओं और हलकी बारिश के बाद सोमवार को पूरे प्रदेश में धूप खिली। इस बीच होने वाली गर्मी और तपिश से तापमान में बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में सबसे गर्म स्थान 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा रहा इसके अलावा झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और आगरा में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार गया।
मौसम विभाग का कहना है कि 14 मई से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। नतीजे में ज्यादातर शहरों का पारा 45 डिग्री के पार जाने की उम्मीद है। इस सप्ताह के मौसम की बात करें तो,13 मई को पूरे प्रदेश में बादए छाए रहेंगे जबकि पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की उम्मीद है।
14 मई के दिन पूर्वी-पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इसका असर रात को गर्म कर देगा। जबकि 15 मई को पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलने से पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है। वहीँ 16 मई के दिन आसमान साफ रहने और तेज धूप की शिद्दत गर्मी बढ़ाएगी और रत भी गर्म होगी जबकि 17 मई को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के संकेत मिले हैं।
इन इलाक़ों में है तेज हवा और गरज चमक की चेतावनी
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।