नशा मुक्त भारत अभियान ऐप 2.0 का डेवलप वर्जन लॉन्च कर रही है केंद्र सरकार

केंद्र सरकार नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) ऐप 2.0 का डेवलप वर्जन लॉन्च करने जा रही है। इस पहल को राष्ट्रीय कार्य योजना (NAPDDR) के तहत निगरानी और संस्थागत समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज को नशा मुक्त बनाना है।

बताते चलें कि देश में 15 अगस्त 2020 को नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की गई थी। प्रारम्भ में इसे 272 संवेदनशील जिलों में शुरू किया गया और बाद में 15 अगस्त 2023 से इसे देश के सभी जिलों तक विस्तारित कर दिया गया। इसके तहत मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, देशभर में अब तक 8.3 लाख से अधिक गतिविधियों के माध्यम से करीब 26 करोड़ से अधिक लोगों को जागरूक करने में मदद मिली है। इसमें 9.5 करोड़ से अधिक युवा, 6.47 करोड़ महिलाएं और 28,000 से अधिक प्रशिक्षित स्वयंसेवक शामिल हैं। ये जमीनी स्तर पर अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

केंद्र सरकार नशा मुक्त भारत अभियान का यह एनएमबीए ऐप 2.0, एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। यह राष्ट्रीय, राज्य, जिला और संस्थागत स्तरों पर कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच रियल-टाइम रिपोर्टिंग और समन्वय सुनिश्चित करने के साथ डेटा आधारित शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा देगा।

बताते चलें कि इस अपग्रेडेड ऐप के माध्यम से आम नागरिकों के लिए ई-प्रतिज्ञा लेने के अलावा आईईसी सामग्री देखने, हेल्पलाइन सहायता प्राप्त करने और नजदीकी नशामुक्ति केंद्र की जानकारी हासिल करने जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

इतना ही नहीं इस ऐप के माध्यम से यूज़र्स, नशा मुक्ति हेल्पलाइन और ‘मानस’ हेल्पलाइन जैसी सेवाओं तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, फीडबैक तंत्र के माध्यम से आम लोग अपने अनुभव भी साझा कर सकेंगे।

जानकारी में यह भी कहा गया है कि अनुदान सहायता प्राप्त संस्थानों (GIA) को ऐप में भूमिका-आधारित एक्सेस दिया जाएगा, जिससे वे अपनी गतिविधियों की रियल-टाइम रिपोर्टिंग कर सकेंगे। इसके अलावा अनुदान की स्थिति भी ट्रैक की जा सकेगी। इस व्यवस्था से फंड के उपयोग में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *