‘अपोलो ओशन’ जहाज 16 हजार टन एलपीजी के साथ मंगलुरु बंदरगाह पहुंचा

गुरुवार शाम करीब 4 बजे ‘अपोलो ओशन’ नामक एक एलपीजी कार्गो जहाज मंगलुरु बंदरगाह पर सुरक्षित पहुँच गया। पोर्ट अधिकारियों का कहना है कि जहाज से गैस उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुमान है कि इसमें लगभग दो दिन का समय लगेगा।

खाड़ी में तनावपूर्ण और युद्ध के बीच राहतभरी खबर यह है कि भारत में कर्नाटक के न्यू मंगलुरु पोर्ट पर कच्चे तेल और एलपीजी ले जाने वाले जहाजों का आगमन लगातार जारी है।

ख़ास बात यह है कि यह जहाज सबसे पहले गुजरात के बंदरगाह पर रुका था, जहां एलपीजी का आधा हिस्सा उतारने के बाद शेष खेप लेकर यह मंगलुरु पहुंचा है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक़, मंगलुरु पहुंचे ‘अपोलो ओशन’ जहाज में कुल 16,000 मीट्रिक टन एलपीजी आई है।

पोर्ट अधिकारियों का कहना है कि जहाज से गैस उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुमान है कि विभिन्न चरणों में पूरी की जाने वाली इस प्रक्रिया के तहत गैस उतारने में लगभग दो दिन का समय लगेगा।

इस बीच केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटा दी है। इससे फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य रुपये कर दी है। अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर शून्य हो गई है।

यह कटौती ईरान युद्ध के बीच तेहरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट पर लगाए गए ब्लॉकेड के कारण ग्लोबल एनर्जी संकट के बीच की गई है, जिसके जरिये दुनिया के क्रूड ऑयल और गैस सप्लाई का पांचवां हिस्सा यानी हर दिन 20 से 25 मिलियन बैरल, भेजा जाता है।

खबर में यह भी कहा गया है कि कच्चे तेल (Crude Oil) से लदे दो और बड़े जहाजों के अगले कुछ दिनों में मंगलुरु पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, सुरक्षा कारणों और परिचालन संबंधी प्रक्रियाओं के चलते संबंधित अधिकारियों ने अभी उनके आगमन की सटीक तारीखों की घोषणा नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *