थाईलैंड में आयोजित मिस यूनिवर्स 2025 में जीत का ताज मेक्सिकन ब्यूटी के सिर पर सजा। इस आयोजन में भारत टॉप 12 की रेस से बाहर हो गया।

74वें मिस यूनिवर्स के फ़ाइनल में दुनिया भर की ब्यूटी क्वीन्स अपने सैश और शानदार गाउन के साथ मंच पर पहुंचीं। प्रतियोगिता में जीत टॉप 5 में जगह बनाने वाली मेक्सिकन ब्यूटी फातिमा बॉश ने ये टाइटल जीत लिया है। इसके साथ ही दुनिया को इस वर्ष की फर्स्ट और सेकेंड रनरअप भी मिल गई हैं।
भारत की मणिका विश्वकर्मा ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन टॉप 30 में शामिल होने के बाद वो टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं। मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के अनुसार, इस साल का कॉम्पिटिशन सिर्फ खूबसूरती का सेलिब्रेशन नहीं है, यह कल्चर, मकसद और कनेक्शन का एक ग्लोबल जमावड़ा है, जिसका ऑफिशियल थीम ‘द पावर ऑफ लव’ है।
मेक्सिकन ब्यूटी फातिमा से जब आखिरी सवाल पूछा गया कि वह अपने टाइटल का इस्तेमाल युवा लड़कियों को मजबूत बनाने के लिए कैसे करेंगी तो उनका जवाब था, ‘मिस यूनिवर्स के तौर पर मैं उनसे कहूंगी, अपनी असलियत की ताकत पर विश्वास करो, खुद पर विश्वास करो, तुम्हारे सपने मायने रखते हैं और तुम्हारा दिल मायने रखता है। कभी किसी को अपनी काबिलियत पर शक करने मत दो, क्योंकि तुम हर चीज के लायक हो।’
थाईलैंड में आयोजित इस साल की सेरेमनी में अगले वर्ष की मेजबानी के लिए प्यूर्टो रिको का आधिकारिक ऐलान किया गया। हालांकि इस बार का पेजेंट विवादों में भी घिर गया। शुरुआत एक प्रतियोगी की बुद्धिमत्ता पर सवाल उठाए जाने के आरोपों से हुई, जिसके बाद कई कंटेस्टेंट नाराज होकर बाहर चली गईं और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि होस्ट भी भावुक होकर रो पड़ीं।
एक सप्ताह चलने वाले इस इवेंट के दौरान, प्लान किए गए इंटरव्यू, पर्सनल कहानियां, इवनिंग गाउन, नेशनल कॉस्ट्यूम और स्विमवियर राउंड हुए। 70 से ज्यादा सालों की विरासत के साथ, 1952 में बनी मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन, दुनिया भर की महिलाओं के लिए एक ऐसा प्लैटफॉर्म है जो अपने कंटेस्टेंट और टाइटल होल्डर के बीच लीडरशिप, एजुकेशन, सोशल इम्पैक्ट, डाइवर्सिटी और पर्सनल डेवलपमेंट को बढ़ावा देती है।
पहली रनरअप बनने वाली मिस यूनिवर्स थाईलैंड 2025 प्रवीणर सिंह हाल्फ थाई और हाल्फ इंडियन हैं। उनका जन्म चियान माई में हुआ था, एक थाई-इंडियन परिवार से हैं। सिंह ‘बी एन एली, नॉट ए बुली,’ ‘वी यूनाइट,’ और ‘शीरो’ जैसी पहल का हिस्सा रही हैं।
विजेता मेक्सिको के साथ पहली रनर अप थाईलैंड से जबकि दूसरी रनर अप का खिताब वेनेजुएला के हिस्से आया। इसी क्रम में तीसरी रनर अप फिलीपींस की चुनी गई जबकि चौथी रनरअप कोटे डी आइवर से बनी।
