मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मणिका विश्वकर्मा अब थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। डेनमार्क की विक्टोरिया थीलविग इस ग्रैंड इवेंट में अपनी उत्तराधिकारी को ताज पहनाएंगी।

4 नवंबर को बैंकॉक में आयोजित मिस यूनिवर्स समारोह में मणिका ने अपने दिलकश अंदाज से सबका दिल जीत लिया। वह अब 21 नवंबर 2025 को थाईलैंड के इम्पैक्ट चैलेंजर हॉल, नॉनथाबुरी में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राजस्थान के श्रीगंगानगर की रहने वाली मणिका ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब अपने नाम कर पूरे देश को गर्व के साथ उम्मीदों से भी भर दिया है। खूबसूरती और आत्मविश्वास के लिए अपनी पहचान बनाने वाली 23 साल की मणिका न्यूरोडाइवर्सिटी के साथ महिला सशक्तिकरण की सशक्त आवाज हैं।
मणिका ने अपने पेजेंट करियर की शुरुआत साल 2024 में मिस यूनिवर्स राजस्थान खिताब जीतकर की थी। अगस्त 2025 में मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीतने के बाद से वह देश के लिए अगली विनर की उम्मीद बन चुकी हैं।
दिल्ली में रहकर मणिका ने पॉलिटिकल साइंस और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की है।मणिका एक ट्रेंड क्लासिकल डांसर, पेंटर और एनसीसी ग्रेजुएट भी हैं। उन्होंने न्यूरोनोवा नाम के एक पहल की शुरुआत की है, जो समाज में न्यूरोडाइवर्जेंस (जैसे ADHD आदि) के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर काम कर रही है। उनके मुताबिक़, ये स्थितियां किसी व्यक्ति की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी अनोखी शक्ति का प्रतीक हैं।
इसके अलावा वह बीआईएमएसटीईसी सेवोकॉन (BIMSTEC Sewocon) में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और ललित कला अकादमी और जे जे स्कूल ऑफ आर्ट्स जैसी संस्थाओं से सम्मानित भी हो चुकी हैं।
