86 प्रतिशत भारतीय ज्वेलरी को मानते हैं अहम संपत्ति: रिपोर्ट

सदियों से भी गहनों की अहमियत आज भी वही स्थान रखती है। इसका अंदाजा बुधवार को जारी डेलॉइट इंडिया की रिपोर्ट से होता है। रिपोर्ट बताती है कि भारत में लगभग 86 प्रतिशत लोग सोने और गहनों को संपत्ति बनाने का एक अच्छा साधन मानते हैं।

86 प्रतिशत भारतीय ज्वेलरी को मानते हैं अहम संपत्ति: रिपोर्ट

रिपोर्ट से यह भी पता चलता है कि यह संख्या लगभग म्यूचुअल फंड और शेयरों जैसे बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों के बराबर है, जिन्हें 87 प्रतिशत लोग पसंद करते हैं। रिपोर्ट बताती है कि 56 प्रतिशत लोग ज्वेलरी को निवेश और फैशन दोनों के रूप में देखते हैं जबकि 28 प्रतिशत लोग केवल निवेश के रूप में गहने खरीदते हैं। यह रुझान बताता है कि आभूषणों की भूमिका अब केवल बचत तक सीमित नहीं रही।


डेलॉइट इंडिया की रिपोर्ट बताती है कि भारत का ज्वेलरी बाज़ार तेजी से बदल रहा है। वर्तमान में इसे महज़ शादी या परंपरा से नहीं जोड़ते, बल्कि अपनी पहचान, जीवनशैली और रोजमर्रा के पहनावे का हिस्सा भी माना जाता है।


रिपोर्ट यह भी बताती है कि पुरुष और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग आभूषणों को ज्यादा निवेश के रूप में खरीदते हैं। वहीं, युवा वर्ग गहनों में स्टाइल, अपने हिसाब से डिजाइन और अलग-अलग तरह से पहनने की सुविधा को ज्यादा महत्व देता है।

रिपोर्ट से पता चला है कि जेनजी और युवा पीढ़ी तेजी से हल्के और रोज पहनने वाले गहनों की ओर रुख कर रही है। यहाँ 51 प्रतिशत जेनजी को चांदी और 34 प्रतिशत को प्लेटिनम वाली ज्वेलरी पसंद है। करीब 49 प्रतिशत लोग हल्के और सादे गहनों को भारी और ज्यादा सजावटी गहनों से ज्यादा पसंद करते हैं।

रिपोर्ट में बताया गया कि अब चांदी को सोने के साथ रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए भी पसंद किया जा रहा है। डेलॉइट इंडिया के अनुसार, पहले भारत में लगभग 70 प्रतिशत गहने शादियों के लिए खरीदे जाते थे, लेकिन अब यह समीकरण बदल रहा है। युवा जन्मदिन और सालगिरह (38 प्रतिशत), रोजाना और ऑफिस में पहनने वाले परिधान (32 प्रतिशत) और पदोन्नति व पढ़ाई जैसी करियर संबंधी उपलब्धियों के लिए आभूषण खरीदते हैं।

रिपोर्ट से यह बात भी सामने आई है कि 49 प्रतिशत लोग अंगूठियां, चेन और कान की बालियां जैसे गहनों को निजी और गैर-धार्मिक मौकों के लिए पसंद करते हैं, जो पारंपरिक भारी गहनों से ज्यादा हैं। वहीँ 45 प्रतिशत जेनजी और युवा सिल्वर की ज्वेलरी में निवेश करना पसंद करते हैं। इसकी वजह है अच्छा डिजाइन, कम कीमत और आसानी से खरीदना।

इस खरीदारी में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रभाव बढ़ा है, लेकिन गहनों के मामले में लोग अब भी दुकान पर जाकर उसे खरीदना ज्यादा भरोसेमंद मानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *