विश्व पर्यावरण दिवस पर लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने महिलाओं के लिए एक नई सेवा की शुरुआत की है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए यूपी मेट्रो आज से “मायदीदी” ईवी-बाइक सेवा शुरू करने जा रहा है।
‘मायदीदी’ महिलाओं के लिए एक खास ईवी-बाइक सेवा है। इस सुविधा में यात्रा करने वाली महिलाऐं अब महिला बेकार से यह सुविधा हासिल कर सकेंगी।प्रारम्भ में यह सेवा लखनऊ के चार मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, मायदीदी बाइक सेवा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ के विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर करेंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आसान और सस्ती लास्ट माइल कनेक्टिविटी मुहैया कराना है।
लखनऊ के जिन चार मेट्रो स्टेशन पर इस सुविधा की शुरुआत की जा रही है, वह इस प्रकार हैं-
विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन
आईटी कॉलेज मेट्रो स्टेशन
भूतनाथ मेट्रो स्टेशन
कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन
किराये की बात करें तो इन स्टेशनों से पांच किलोमीटर तक की दूरी की यात्रा के लिए महिला को मात्र 15 रुपए का भुगतान करना होगा। शुभारंभ के दिन सेवा का उपयोग करने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को विशेष उपहार भी दिए जाएंगे। सेवा के शुभारंभ पर पांच जून से 13 जून तक सभी महिला यात्रियों को यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा के माध्यम से पर्यावरण की सुरक्षा के साथ जहाँ इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा, वहीँ महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बनेंगे।
गौरतलब है कि लखनऊ मेट्रो से प्रतिदिन 90 हजार से अधिक यात्री सुरक्षित, तेज, किफायती के साथ पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को चुनते हैं। लखनऊ मेट्रो की पर्यावरणीय स्थिरता रणनीति में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है। मेट्रो स्टेशनों, डिपो और प्रशासनिक भवनों पर कुल 3.312 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित की गई है। अब तक इन सौर संयंत्रों की मदद से 30 लाख यूनिट से अधिक स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन किया जा चुका है।