कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर में साल 2024 ने दर्ज किया रिकॉर्ड- डब्ल्यूएमओ की चेतावनी

विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा जारी रिपोर्ट बताती है कि साल 2024 में वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई और अब इसकी मात्रा नई ऊँचाई पर पहुँच गई है।

कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर में साल 2024 ने दर्ज किया रिकॉर्ड- डब्ल्यूएमओ की चेतावनी

यह नया विश्लेषण आगाह करता है कि इस रुझान से पृथ्वी का तापमान अब और अधिक बढ़ने की दिशा में जा रहा है। यूएन एजेंसी ने अपने ग्रीनहाउस गैस बुलेटिन में जानकारी दी है है कि मानव गतिविधियों के चलते जहाँ एक ओर कार्बनडाई ऑक्साइड का उत्सर्जन जारी है वहीँ वनों में आग लगने की घटनाओं से इसमें वृद्धि हो रही है।

कार्बन डाइऑक्साइड की वृद्धि दर 1960 के दशक की तुलना में बढ़कर तीन गुनी हो चुकी है, यानि वार्षिक 0.8 पार्ट्स प्रति मिलियन से बढ़कर 2011-2020 में वार्षिक 2.4 पार्ट्स प्रति मिलियन तक।

डब्ल्यूएमओ ने अपनी यह रिपोर्ट अगले महीने आयोजित यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन (कॉप30) से पहले प्रकाशित की है। अगले महीने आयोजित होने वाले सम्मलेन पर यूएन एजेंसी ने ज़ोर देकर कहा है कि ठोस जलवायु कार्रवाई के लिए यह ज़रूरी है कि मौसमी बदलाव की पुख़्ता ढंग से निगरानी की जाए।

2023 और 2024 के दौरान इस दर में रिकॉर्ड 3.5 पार्ट्स प्रति मिलियन का उछाल दर्ज किया गया, जोकि 1957 में निगरानी की शुरुआत होने के बाद से सबसे ऊँचा उछाल है।

यूएन मौसम विज्ञान एजेंसी की उप महासचिव को बैरेट ने बताया कि कार्बन डाइऑक्साइड और अन्य ग्रीनहाउस गैसों की वजह से बढ़ रहे तापमान से जलवायु बदलाव में तेज़ी आ रही है और चरम मौसम घटनाएँ गहन हो रही हैं। उन्होंने इनके उत्सर्जन की मात्रा में कमी लाने को आवश्यक बताया है, ताकि न केवल हमारी जलवायु बल्कि आर्थिक सुरक्षा व सामुदायिक कल्याण को सुनिश्चित किया जा सके।

दूसरी तरफ भूमि और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्रों द्वारा कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर लेने में कमी आ रही है, और यह भी एक घातक जलवायु चक्र में तब्दील हो रहा है। हालांकि सूखे की बढ़ती घटनाओं और महासागरों की विलेयता (solubility) घटने की वजह से उनकी यह क्षमता कमज़ोर हो रही है।

वर्ष 2024 में वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की औसत सघनता 423.9 पार्ट्स प्रति मिलियन आंकी गई, जबकि 2004 में पहली बार ग्रीनहाउस गैस बुलेटिन के प्रकाशन पर यह 377.1 पार्ट्स प्रति मिलियन थी।

डब्ल्यूएमओ विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि वनों में आग लगने की घटनाओं और पारिस्थितिकी तंत्रों की अवशोषण क्षमता में कमी आने से 2024 में CO2 की मात्रा में उछाल आया है। पिछला साल, रिकॉर्ड पर अब तक का सबसे गर्म साल दर्ज किया गया था।

मीथेन और नाइट्रस ऑक्साइड गैस ने भी उत्सर्जन मात्रा का नया रिकॉर्ड बनाया है। ग्रीनहाउस गैस के मामले में दोनों दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। मीथेन की मात्रा बढ़कर 1,942 पार्ट्स प्रति बिलियन पहुँच गई है, जोकि औद्योगिक काल के पूर्व की तुलना में 166 प्रतिशत अधिक है. वहीं नाइट्रस ऑक्साइड 338 पार्ट्स प्रति बिलियन है, और यह 25 फ़ीसदी की वृद्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *