जाकिर नाईक का सहायक गिरफ्तार, IS में जाने वाली लड़की के ‘धर्म परिवर्तन’ का आरोप

 

मुंबई। विवादित धर्म प्रचारक जाकिर नाईक की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एक संगीन मामले में जाकिर के करीबी को गिरफ्तार किया गया महाराष्ट्र एटीएस और केरल पुलिस ने साझा ऑपरेशन में जाकिर नाईक के पीआरओ अरशीद कुरैशी को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया है। उस पर एक युवती का धर्मांतरण कर उसे आईएस में भेजने का आरोप है।

. Mariyam zakir naik

पुलिस का कहना है कि अरशीद कुरैशी पर केरल की मरियम का धर्मांतरण कर उसे आईएस में भेजने का आरोप है। जिस मामले में गिरफ्तारी हुई है उसकी एफआईआर केरल में दर्ज है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जाकिर नाइक के आईआरएफ फाउन्डेशन से जुड़े अरशीद कुरैशी को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ कोच्चि में आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) और धारा 153 ए (समूहों के बीच शत्रुता फैलाने) के साथ-साथ गैर कानूनी गतिविधि निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे नवी मुंबई की बेलापुर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 25 जुलाई तक केरल पुलिस की ट्रांजिट रिमांड में भेज दिया गया। केरल पुलिस अब उसे कोच्चि की अदालत में पेश करेगी।

गौरतलब है कि आईएस में शामिल हुए केरल के 21 लोगों की अलग अलग कहानियां सामने आई हैं। पहले निमिशा के फातिमा बनने की कहानी आई। उसके बाद आईएस में गई एक और महिला मरियम के बारे में खुलासा हुआ। बताया गया कि उसे पहले मुस्लिम बनाया गया है। फिर उसे आईएस में धकेला गया। वहीं दूसरी तरफ केरल के कांग्रेस विधायक का दावा है कि मरियम पर तो जाकिर नाईक के भाषणों का असर था।

केरल के जो 21 लोग आईएस के रास्ते पर चले गए उसी में एक महिला है मरियम उर्फ मेरिन। मरियम अपने पति के साथ पहले घर से लापता हुई, फिर खबर आई कि वो भी आईएस में शामिल हो चुकी है।

मरियम के परिवार ने उसके पति याह्या पर मरियम को जबरन आईएस में शामिल होने का आरोप लगाया है। परिवार की शिकायत पर केरल पुलिस ने मरियम के पति याह्या के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियों के कानून के तहत केस दर्ज किया है। मुंबई में रहने वाले कुरैशी नाम के बिजनेसमैन पर भी केस दर्ज किया गया है, लेकिन पुलिस अभी तक यकीन नहीं कर पाई है कि याह्या और कुरैशी के आतंकी लिंक हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *