धुंध की चादर में लिपटी राजधानी में ज़हरीला हुआ यमुना का पानी

राजधानी दिल्ली में हवा और पानी का प्रदूषण सबसे खराब स्तर को पार कर चुका है। शनिवार सुबह यहाँ एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया वहीँ कालिंदी कुंज इलाके में यमुना नदी पर जहरीला झाग तैरता देखा गया।

धुंध की चादर में लिपटी राजधानी में ज़हरीला हुआ यमुना का पानी

मौसम बदलने के साथ ही दिल्ली एनसीआऱ में प्रदूषण के स्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह 7:30 बजे दिल्ली का एक्यूआई 273 दर्ज किया गया।

इस बीच दिल्ली के कई इलाके, धुंध की चादर से ढके नजर आए। वहीं एनसीआर के फरीदाबाद में 207, गुरुग्राम में 183, गाजियाबाद में 240, ग्रेटर नोएडा 164, और नोएडा में एक्यूआई 228 दर्ज किया गया।

हालांकि सरकार द्वारा राजधानी में ग्रैप-1 की पाबंदियों को लागू कर दिया है, लेकिन उससे भी कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। इस बीच छठ आने से पहले ही दिल्ली में यमुना का प्रदूषण स्तर बेहद खतरनाक स्थिति तक पहुंच चुका है।

दिल्ली में यमुना नदी के ऊपर तैरती विषैली झाग की मोटी परतें नज़र आने लगी है और इस बीच प्रदूषण के स्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऐसे में इस साल 5 नवम्बर को होने वाली छठ पूजा ने प्रशासन को मुश्किल में डाल दिया है।

यमुना के कालिंदी कुंज घाट पर पानी के ऊपर सफेद झाग की एक मोटी परत नजर आ रही है। यह सफेद झाग की मोटी परत यमुना में गिरने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के वेस्ट से बनी है। साथ ही इसका एक बड़ा कारण छोटी बड़ी फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकल वेस्ट भी है जो नालों से आकर यमुना में गिरता है।

इस वर्ष छठ पूजा 5 नवम्बर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगी। इसके बाद छठ पर्व चार दिनों तक चलते हुए खरना, संध्या अर्घ्य, प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ 8 नवम्बर तक चलेगा। ऐसे में यमुना की स्थिति को देखते हुए प्रशासन के लिए भारी संकट का समय है।

यमुना में जमा इस झाग के ऊपर एक काली परत भी देखी जा सकती है। यह परत भी फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल वेस्ट के कारण बनती है। यमुना में जमा यह काली परत कैंसर और फेफड़ों की बीमारी का बड़ा कारण है।

गौरतलब है कि सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपए यमुना की साफ-सफाई के लिए खर्च किए जाते हैं मगर हवा और पानी दोनों की ही हालत यहाँ हर दिन बदतर होती जा रही है।

इस वर्ष सितंबर माह में दिल्ली प्रदूषण कंट्रोल समिति द्वारा यमुना के सभी पॉइंट्स से जमा पानी के सैंपल की जांच रिपोर्ट के नतीजे बेहद चौंकाने वाले थे।

दिल्ली में प्रदुषण के मुद्दे पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ हमला किया है। भाजपा का कहना है कि पिछले दस वर्षों से दिल्ली में आप की सरकार है और इनका प्रदूषण कम करने का कोई इरादा नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *