व्हाइट हाउस के शाही डिनर में अपना थर्मस लाने वाले जिनपिंग हुए वायरल

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस समय अपनी जिस हरकत को लेकर चर्चा में हैं, वह सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। दरअसर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा व्हाइट हाउस स्टेट बैंकवेट डिनर की दावत दी गई। इस दावत में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के अलावा टेक और वॉल स्ट्रीट के दिग्गज भी शामिल हुए।

दावत से जुड़ी तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड कर रही हैं। व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में सुसज्जित पार्टी में रेड-थीम वाली मुख्य टेबल पर मेहमानों का ध्यान जिस अनोखी चीज ने खींचा, वह थीं दो थर्मस बोतलें।

तस्वीरें देखकर हर किसी ने इस टेबल पर महंगी वाइन ग्लासेज और शाही क्रॉकरी के साथ मौजूद दो थर्मस बोतलों पर हैरानी व्यक्त की। इनमें एक काले रंग की और दूसरी सफेद रंग की बोतल थी। काली थर्मस बोतल शी जिनपिंग के पास और सफेद थर्मस बोतल उनकी पत्नी पेंग लियुआन के पास रखी थी।

गौरतलब है कि चीनी परंपरा में गुनगुना पानी सेहत के लिए दैनिक जीवन का अहम हिस्सा होता है। हालाँकि सियासी पार्टियों में विदेशी दौरों पर राष्ट्राध्यक्षों द्वारा अपना पानी या चाय इस्तेमाल करना कोई नई या अनोखी बात नहीं है, लेकिन व्हाइट हाउस के आधिकारिक स्टेट डिनर की टेबल पर इस तरह से थर्मस की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा और देखते ही देखते यह वायरल हो गया।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेहमानवाज़ी का फ़र्ज़ निभाते हुए डिनर के दौरान माहौल को खुशनुमा बनाए रखने की कोशिश की। उन्होंने टोस्ट स्पीच के वक़्त बताया कि व्हाइट हाउस का मौजूदा बैंक्वेट हॉल काफी छोटा पड़ता है, इसलिए वह 400 मिलियन डॉलर की लागत से एक हज़ार लोगों की क्षमता वाला नए विशाल बॉलरूम का निर्माण करवा रहे हैं।

इस मौके पर ट्रंप ने शी जिनपिंग को अमरीका के राष्ट्रीय प्रतीक ‘बाल्ड ईगल’ (Bald Eagle) की एक खास मूर्ति भेंट की। डिनर के दौरान ट्रंप ने मौजूद मेहमानों को नए बॉलरूम की कंस्ट्रक्शन साइट देखने के लिए आमंत्रित कियाऔर यह भी कहा कि आप लोग इसके फर्श पर कदम रखने वाले पहले इंसान होंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह डिनर सिर्फ कूटनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें सिलिकॉन वैली की कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं। इनमें गूगल के सुंदर पिचाई सहित टेस्ला के एलन मस्क, एपल के टिम कुक, एनवीडिया के जेन्सन हुआंग, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन और मेटा के मार्क जुकरबर्ग आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *