ऑस्कर 2027 के लिए भारत का प्रतिनिधित्व कौन सी फिल्म करेगी

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट अभय सिंह ने अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में बताया कि इस बार भारत की ऑस्कर एंट्री चुनने का पूरा प्रोसेस कैसे आगे बढ़ेगा? जानिए

ऑस्कर 2027 में 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स दिए जाएंगे। इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। इसके साथ ही अब भारतीय दर्शकों की नजर उस फिल्म को तलाश रही है, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ‘ऑस्कर 2027’ के लिए भारत की ओर से भी आधिकारिक फिल्म चुनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एफएफआई यानी फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने देश के निर्माताओं से अपनी फिल्मों को चयन प्रक्रिया में शामिल करने के लिए आवेदन मांगे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, मंगलवार को फेडरेशन की कार्यकारी समिति की बैठक में फिल्मों की एंट्री के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया। गौरतलब है कि एफएफआई देश के प्रमुख फिल्म संगठनों की शीर्ष संस्था है। ऑस्कर के लिए भारत की ओर से फिल्म चुनने की प्रक्रिया में यह संस्था अहम भूमिका निभाती है।

एफएफआई के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि फेडरेशन द्वारा निर्माताओं को पूरी प्रक्रिया में हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने इसके लिए ज्यादा से ज्यादा फिल्मों के स्वागत की बात भी कही ताकि इस वर्ष भारत की ऑस्कर एंट्री के लिए मजबूत दावेदारी पेश की जा सके। साथ ही उन्होंने नामांकन प्रक्रिया आसान बनाने के अलावा इसके लोकतांत्रिक और पारदर्शी होने की बाद भी कही।

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, एफएफआई द्वारा फिल्मों की पात्रता से जुड़ी शर्तों में कहा गया है कि आवेदन के लिए वही फिल्में ली जाएंगी जो 15 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के बीच रिलीज हुई हों। इसके अलावा, फिल्म पहली बार किसी व्यावसायिक सिनेमाघर में कम से कम लगातार सात दिनों तक सार्वजनिक प्रदर्शन की प्रक्रिया को पूरा कर चुकी हो।

फिल्मों के आवेदन जमा करने की प्रक्रिया के तहत निर्माता 7 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे तक अपनी एंट्री जमा कर सकते हैं। अगले चरण में फिल्मों की स्क्रीनिंग और चयन की प्रक्रिया होगी।

ज्यूरी चेयरमैन की नियुक्ति एफएफआई की ओर की जाएगी साथ ही ज्यूरी में रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी जानकार हस्तियों को शामिल किया जाएगा। ज्यूरी द्वारा इन फिल्मों की स्क्रीनिंग के बाद मतदान के जरिए आधिकारिक ऑस्कर एंट्री का फैसला किया जाएगा। भारत की ओर से ऑस्कर के लिए चुनी जाने वाली फिल्म की घोषणा 19 सितंबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *