मेटा ने मई 2023 में व्हाट्सऐप में एक महत्वपूर्ण प्राइवेसी फ़ीचर लाने पर काम शुरू किया था, जिसका उद्देश्य यूज़र्स को फ़ोन नंबर की बजाय यूज़रनेम के ज़रिए अपनी पहचान बताने की सुविधा देना था।

इस फ़ीचर का मक़सद यूज़र्स को ज़्यादा सुरक्षित, निजी और सुविधाजनक संचार का एहसास दिलाना है। या कह सकते हैं कि अब व्हाट्सएप पर इंस्टाग्राम की तरह ही यूजरनेम बनाया जा सकेगा। आप इसके लिए रिजर्व नेम रिजर्व कर सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बिना अपना मोबाइल नंबर किसी को शेयर किए ही चैट की जा सकेगी।
इस नए फीचर की बदौलत अब आप अपनी प्रोफाइल में जाकर यूजरनेम का ऑप्शन देख सकेंगे और यहां से अपना नया यूजरनेम चुन सकेंगे। एक बार कोई यूजरनेम बनने के बाद उसी नाम से कोई अन्य इस नाम का प्रयोग नहीं कर सकेगा।
एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अब एंड्रॉइड के बीटा वर्ज़न में “यूज़रनेम रिज़र्व करें” विकल्प जोड़ा है, जिससे संकेत मिलता है कि व्हाट्सऐप जल्द ही आम यूज़र्स के लिए भी यह फ़ीचर उपलब्ध कराएगा। हालाँकि यह फ़ीचर अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन कंपनी इसे बीटा यूज़र्स के लिए जारी करने से पहले इसमें और सुधार कर रही है ताकि यूज़र्स को एक सहज अनुभव मिल सके।
सूत्रों के अनुसार, व्हाट्सऐप यूज़र्स भविष्य में अपनी पसंद का यूज़रनेम रिज़र्व कर सकेंगे। यह अनोखा होने के साथ किसी अन्य यूज़र के लिए उपलब्ध नहीं होगा। यूज़रनेम रिज़र्व करने के लिए, यूज़र को प्रोफ़ाइल सेटिंग में जाकर एक नया “यूज़रनेम” विकल्प चुनना होगा, जहाँ वे अपनी पसंद का नाम सेव कर सकेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यूज़रनेम में सिर्फ़ अक्षरों का इस्तेमाल किया जा सकेगा, अंक या “www” जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, यह फ़ीचर व्हाट्सएप इस्तेमाल करने के तरीके को हमेशा के लिए बदल सकता है, क्योंकि इसके बाद यूज़र्स बिना अपना फ़ोन नंबर बताए एक-दूसरे से संपर्क कर पाएँगे।













